मुरादाबाद: अज्ञात वाहन से टक्कर में युवक की मौत, दो घायल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। मझोला थाना क्षेत्र में बाइक पर सवार होकर घर लौट रहे युवकों को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में तीन युवक घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां एक युवक की मौत हो गई। मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। चार दिन …

मुरादाबाद, अमृत विचार। मझोला थाना क्षेत्र में बाइक पर सवार होकर घर लौट रहे युवकों को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में तीन युवक घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां एक युवक की मौत हो गई। मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। चार दिन पहले ही युवक की बहन की बीमारी से मौत हुई थी।

थाना क्षेत्र में गांगन वाली मैनाठेर निवासी अजय (19) पुत्र पप्पू सिंह मजदूरी करता था। परिजनों ने बताया कि अजय ने बुधवार को गांव के ही संजय सिंह के मकान का लिंटर डलवाया था। वह दोपहर में दो बजे घर आ गया था। शाम को वह संजय के घर मजदूरी के पैसे लेने गया था। जहां से वह शौर सिंह (20) पुत्र जयसिंह और एक अन्य के साथ बाइक पर सवार होकर कहीं जा रहा था। इस दौरान रात को 12 बजे घर लौटते समय मंडी समिति के पास उनकी बाइक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी।

हादसे में बाइक सवार तीनों युवक घायल हो गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायलों को 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उपचार के दौरान गुरुवार सुबह अजय की मौत हो गई। अजय की मौत की खबर मिलने पर कोहराम मच गया। रविवार को अजय की बहन नीतू की बीमारी के चलते मौत हो गई थी। अजय के परिवार में मां कमलेश, दो भाई विनोद, विजय और एक बहन प्रीति हैं। परिजनों ने थाने में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।

परिवार में इकलौता कमाने वाला था अजय

अजय अपने परिवार में इकलौता कमाने वाला था। उसका बड़ा भाई विजय शादी के बाद से अपनी पत्नी और बच्चों के साथ अलग रहता है। अजय का छोटा भाई विजय अभी 10 साल का है। अजय पर मां, भाई और बहन की जिम्मेदारी थी। ऐसे में अजय की मौत के बाद परिवार में घर चलाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ेगा।

अधूरे रह गए अजय के सपने

अजय की मां कमलेश ने बताया कि अजय कहता था कि पहले वह अपनी बहन प्रीति की शादी किसी अच्छे परिवार में कराएगा। उसके बाद वह अपने भाई को खूब पढ़ा लिखाकर अफसर बनाएगा। ताकि उसने जिन परेशानियों का सामना किया है, उसके भाई बहन को न करना पड़े। मगर अजय इन सपनों को पूरा किये बिना ही इस दुनिया से चला गया।

ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद : सड़क हादसे में तीन दोस्तों की दर्दनाक मौत

संबंधित समाचार