उन्नाव: तेज रफ्तार रोडवेज बस हाईवे पुलिया से गिरी नीचे, मची चीख पुकार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

उन्नाव। लखनऊ कानपुर नेशनल हाइवे पर बीती देर रात तकरीबन 2:30 बजे कानपुर जा रही रोडवेज बस आजाद मार्ग बाईपास के पास पुल से नीचे जा गिरी। रेलिंग से नीचे लटकी बस के यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हाईवे पर गश्त कर रही पुलिस की गाड़ी मौके पर पहुंची और फंसे यात्रियों को बाहर निकलवाया। …

उन्नाव। लखनऊ कानपुर नेशनल हाइवे पर बीती देर रात तकरीबन 2:30 बजे कानपुर जा रही रोडवेज बस आजाद मार्ग बाईपास के पास पुल से नीचे जा गिरी। रेलिंग से नीचे लटकी बस के यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हाईवे पर गश्त कर रही पुलिस की गाड़ी मौके पर पहुंची और फंसे यात्रियों को बाहर निकलवाया। गंभीर हालत में सात यात्रियों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी को देर रात ही हैलट कानपुर रेफर किया गया।

अचलगंज थाना क्षेत्र की बदरका चौकी के आजाद मार्ग बाईपास के पास कानपुर की ओर जाते समय रोडवेज बस रात 2.30 बजे जालिमखेड़ा गांव के सामने पुल पर अनियंत्रित होकर नीचे जा गिरी। इससे बस में सवार करीब 35 सवारियों में अफरा-तफरी मच गई। उधर धमाके के साथ गिरी बस की सूचना मिलते ही हाईवे पर पेट्रोलिंग कर रही पुलिस भी मौके पर पहुंची। जालिमखेड़ा गांव के लोग भी पहुंच गए।

बस में चीख पुकार मची थी। पुल से उतरकर पुलिस और गांव वालों ने यात्रियों को किसी तरह बाहर निकाला। मौके पर सीओ बीघापुर व इंस्पेक्टर समेत पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। सीओ डीपी सिंह ने बताया कि बस में सवार लोग कानपुर व कानपुर देहात के थे। सात की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां कुछ को हैलट रेफर कर दिया है, जबकि अन्य सवारियों को मामूली चोटें आई हैं।

अत्यधिक तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह

कानपुर रनिया निवासी यात्री दिनेश ने बताया कि चालक काफी स्पीड में बस चला रहा था। सभी यात्री बार-बार उसे सचेत कर रहे थे पर चालक सुनने को तैयार नहीं था।

हादसे के घायलों के नाम

कानपुर नगर थाना कल्याणपुर रावतपुर गुप्ता कॉलोनी निवासी हीरामणि पत्नी सोमनाथ, थाना पनकी के वनपुरवा निवासी दिनेश कुशवाहा, कानपुर देहात सिकंदरा के बनवारीपुर निवासी मान्या पुत्री अवधेश कटियार व वंदना पत्नी आदेश कटियार, बकौर के दीतापुर निवासी रचना पुत्री प्रमोद कटियार, श्रावस्ती थाना गिलौला के पुरुषोत्तमपुर निवासी सर्वेश पाठक व बहराइच थाना सिरौली के त्रिलोकी गौड़ी गांव निवासी मुन्नी देवी पत्नी राम मिलन गंभीर रूप से जख्मी हो गए।

पढ़ें-कानपुर: डेरापुर में हाईवे पर हुआ सड़क हादसा, तीन किसानों की मौत, CM योगी ने जताया शोक

संबंधित समाचार