अयोध्या: शहर की तीन बेटियां मिलीं, देहात की गायब बहनों का नहीं मिल रहा सुराग, छानबीन में जुटी पुलिस
अयोध्या। थाना कैंट क्षेत्र से गुरुवार को स्कूल जाते समय लापता हुईं एक ही परिवार की तीन बेटियों को शनिवार को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया है, लेकिन महाराजगंज थाना क्षेत्र से गायब तीन सगी बहनों का 84 दिन बीत जाने के बाद भी कोई सुराग नहीं लगा है। पुलिस का दावा है कि …
अयोध्या। थाना कैंट क्षेत्र से गुरुवार को स्कूल जाते समय लापता हुईं एक ही परिवार की तीन बेटियों को शनिवार को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया है, लेकिन महाराजगंज थाना क्षेत्र से गायब तीन सगी बहनों का 84 दिन बीत जाने के बाद भी कोई सुराग नहीं लगा है। पुलिस का दावा है कि लड़कियों की तलाश में कई राज्यों में सर्च ऑपरेशन चलाया पर सफलता हाथ नहीं लगी। एक तरफ नगर क्षेत्र का परिवार नाबालिग बेटियों के वापस आने से खुश है तो दूसरी तरफ गायब बेटियों का परिवार व ग्रामीण आज भी उनके इंतजार में बैठे हैं।
थाना कैंट क्षेत्र के बेगमगंज गढ़ैया निवासी दिनेश चंद्र यादव के परिवार की 3 बच्चियां अनुपमा, अंजली और अर्चना को अयोध्या कैंट रेलवे स्टेशन से सकुलश बरामद किया गया। एसपी सिटी विजय पाल सिंह ने बताया कि तीनों रिकाबगंज स्थित आर्य कन्या इंटर कॉलेज में पढ़ती हैं। तीनों बहनें स्वेच्छा से दिल्ली चली गई थीं। उन्होंने बताया कि चूंकि कोई आपराधिक मामला नहीं बनता इसलिए लिखा-पढ़ी के बाद तीनों को परिजनों को सौंप दिया गया है।
एसएसपी के निर्देश पर पुलिस की कई टीमें लड़कियों की तलाश में लगी हुई थीं। कुछ सीसीटीवी फुटेज के जरिए उन्हें रेलवे स्टेशन जाते देखा गया था इसी आधार पर रेलवे स्टेशन पर छानबीन की जा रही थी। गुरुवार को तीनों स्कूल जाने के लिए सुबह 7 बजे घर से एक साथ निकली थीं। नहीं लौटी तो परिजनों ने थाना कैंट में गायब बच्चियों की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई गई थी। मामला एक ही परिवार की तीन बेटियों से जुड़ा होने के कारण पुलिस की कई टीमें लगाई गई थीं, जिसके चलते शुक्रवार को पुलिस ने इनकी साइकिल भी बरामद की थी। एसपी सिटी ने बताया कि परिवार को बच्चियों की देखभाल और काउंसिलिंग के लिए भी कहा गया है।
विधायक की फटकार भी बेअसर!
पूराबाजार प्रतिनिधि के अनुसार महाराजगंज थाना क्षेत्र के पुलिस चौकी पूरा बाजार अंतर्गत ग्राम पंचायत मूडाडीहा के मजरे पूरे चेतन के रामपाल निषाद आज भी निराश हैं। 84 दिन पहले उनकी तीनों बेटियां भी स्कूल जाते समय गायब हो गई थीं, जिनका आज तक पता नहीं चला। परिजनों को सांत्वना देने डेढ़ महीने पहले नगर विधायक वेद प्रकाश गुप्ता गए थे और पुलिस अफसरों को जल्द से जल्द लड़कियों को बरामद करने के लिए फटकार भी लगाई थी।
नतीजा यह है कि उन लड़कियों का आज तक पता नहीं चल सका। रामपाल निषाद ने बताया कि उनकी बेटियां अंजू, रंजू, संगीता 26 फरवरी को परीक्षा देने के लिए घर से निकली थीं। पुलिस ने गुमशुदगी में रिपोर्ट दर्ज करके छानबीन की, लेकिन कुछ पता नहीं चल सका। चौकी इंचार्ज पूरा बाजार राम अवतार राम ने बताया कि अयोध्या, लखनऊ रेलवे स्टेशन से लेकर पंजाब तक खोजबीन की गई है लेकिन अभी लड़कियों के बारे में कुछ पता नहीं चल पाया है।
पढ़ें-अयोध्या: एक ही परिवार की तीन बेटियां हुईं गायब, मचा कोहराम
