नैनीताल से हल्द्वानी तक वन भूमि पर 110 से अधिक अतिक्रमण चिह्नित
नैनीताल, अमृत विचार। नैनीताल से हल्द्वानी के बीच मनोरा रेंज में वन भूमि पर 110 से अधिक अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जल्द शुरू होगी। इसके लिए वन भूमि पर अवैध कब्जा कर बनाई गयी स्थायी और अस्थायी दुकानों पर लाल निशान लगाकर उन्हें चिह्नित किया गया है। साथ ही अतिक्रमणकारियों को खुद ही समय से …
नैनीताल, अमृत विचार। नैनीताल से हल्द्वानी के बीच मनोरा रेंज में वन भूमि पर 110 से अधिक अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जल्द शुरू होगी। इसके लिए वन भूमि पर अवैध कब्जा कर बनाई गयी स्थायी और अस्थायी दुकानों पर लाल निशान लगाकर उन्हें चिह्नित किया गया है।
साथ ही अतिक्रमणकारियों को खुद ही समय से अतिक्रमण हटाने की भी चेतावनी दी है। मालूम हो कि पूरे प्रदेश में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इस क्रम में जिला प्रशासन समेत अन्य विभाग संयुक्त रूप से सरकारी जमीनों पर काबिज हुए कब्जेदारों को हटाने की कार्रवाई कर रहे हैं।
जल्द ही भवाली सहित बाकी वन रेंजों में भी अतिक्रमण हटाने का अभियान शुरू होने जा रहा है। डीएफओ टीआर बीजूलाल ने बताया कि वन भूमि पर अतिक्रमण कर लोग कब्जे कर रहे हैं। ऐसे में इन्हें हटाया जाना है। शासन स्तर से भी अतिक्रमण हटाने के निर्देश हैं। बताया कि अतिक्रमण चिह्नित करने की कार्रवाई पूरी कर ली गई है।
एनएच और राजस्व की भूमि पर भी हटेंगे अतिक्रमण
राजस्व और नेशनल हाईवे की भूमि पर भी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई होगी। हल्द्वानी से नैनीताल के बीच 250 से अधिक स्थाई और अस्थाई दुकानें बनाकर कब्जे किए गए हैं, जिनमें होटल, रेस्टोरेंट, ढाबे, दुकानें हैं।
