हल्द्वानी: नगर निगम के संरक्षण में हो रहा है शहर में अवैध निर्माण
हल्द्वानी, अमृत विचार। नगर निगम शहर में अवैध निर्माण के खिलाफ अभियान चला रहा है। हालांकि अगर मामले को गौर से देखें तो पता चलेगा कि नगर निगम क्षेत्र में होने वाले अतिक्रमण और अवैध निर्माण में नगर निगम की भी बड़ी भूमिका रहती है। नगर निगम फड़ और ठेले वालों से तहबाजारी वसूलता है। …
हल्द्वानी, अमृत विचार। नगर निगम शहर में अवैध निर्माण के खिलाफ अभियान चला रहा है। हालांकि अगर मामले को गौर से देखें तो पता चलेगा कि नगर निगम क्षेत्र में होने वाले अतिक्रमण और अवैध निर्माण में नगर निगम की भी बड़ी भूमिका रहती है।
नगर निगम फड़ और ठेले वालों से तहबाजारी वसूलता है। फड़ और ठेले वालों से 25 रुपये की तहबाजारी वसूली जाती है। नगर निगम की ओर से तहबाजारी वसूलने के लिये कर्मचारी शहर में गश्त लगाते हैं। इधर लोगों ने फड़ के लाइसेंस पर पक्के निर्माण करा दिये हैं। किसी ने तो दो मंजिला दुकान बना दी है।
हालांकि नगर निगम की ओर से अभी भी उनकी तहबाजारी फड़ की ही वसूली जा रही है। कर्मचारी तहबाजारी काटते समय यह नहीं देखता कि जहां पर दो मंजिला दुकान बन चुकी है, उसकी तहबाजारी केवल 25 रुपये ही दी जा रही है। न तो नगर निगम के बड़े अधिकारी मौके पर जाकर जांच करते हैं।
इससे भी इंकार नहीं किया जा सकता है नगर निगम प्रशासन की बिना मिलीभगत के सालों से लोग फड़ के लाइसेंस पर दुकान बनाकर, नगर निगम को फड़ की तहबाजारी दें। फिलहाल अतिक्रमण को लेकर जब से अभियान चलाया जा रहा है, उसके बाद ऐसे मामले सामने आने लगे हैं। जिससे पता चलता है कि नगर निगम क्षेत्र में बड़े पैमाने पर अवैध निर्माण हुये हैं।
जब नारियल वाले हटाये थे, तब भी उठा था सवाल
हल्द्वानी। विगत दिनों जब नगर निगम ने नारियल पानी वालों के खिलाफ अभियान चलाया था। तब भी यह सवाल उठा था कि अगर उनके फड़ अवैध हैं तो उनकी तहबाजारी कैसे काटी गई थी। हालांकि तब नगर आयुक्त पंकज उपाध्याय ने कहा था कि ऐसे कर्मचारियों पर कार्रवाई की जायेगी।
अभी और मामले खोले जायेंगे: सहायक नगर आयुक्त
हल्द्वानी। सहायक नगर आयुक्त गौरव भसीन ने बताया कि सूचना मिलने पर उन लोगों पर कार्रवाई की जा रही है जिन लोगों ने अवैध निर्माण किये हैं। बुधवार को भी नगर निगम की ओर से इस तरह की कार्रवाई की गई थी। आगे भी ऐसे लोगों की सूची बनाई जा रही है। उन पर भी जल्द कार्रवाई की जायेगी।
