पोर्टर भर्ती में जा रहे युवाओं का हंगामा, हल्द्वानी से टनकपुर भेजीं अतिरिक्त रोडवेज बसें
हल्द्वानी, अमृत विचार। रोडवेज परिसर हल्द्वानी में गुरुवार को धारचूला जाने वाले यात्रियों की भीड़ उमड़ पड़ी। इस दौरान पोर्टर भर्ती के लिए जा रहे युवाओं का निगम कर्मियों पर गुस्सा फूट पड़ा। बाहरी राज्यों से भी युवा भारतीय सेना में पोर्टर बनने लिए यहां पहुंच रहे हैं। अधिकारियों ने बताया कि बुधवार रात भी …
हल्द्वानी, अमृत विचार। रोडवेज परिसर हल्द्वानी में गुरुवार को धारचूला जाने वाले यात्रियों की भीड़ उमड़ पड़ी। इस दौरान पोर्टर भर्ती के लिए जा रहे युवाओं का निगम कर्मियों पर गुस्सा फूट पड़ा। बाहरी राज्यों से भी युवा भारतीय सेना में पोर्टर बनने लिए यहां पहुंच रहे हैं। अधिकारियों ने बताया कि बुधवार रात भी भीड़ बढ़ने पर रोडवेज प्रबंधन ने पिथौरागढ़ के लिए तीन बसें भेजी थीं।
स्टेशन इंचार्ज इंद्रा भट्ट ने बताया कि बुधवार देर रात करीब 12 बजे पिथौरागढ़ जाने के लिए बड़ी संख्या में युवा हल्द्वानी स्टेशन पहुंचे और रात में ही बस की व्यवस्था कराने की मांग करने लगे। उस समय बस संचालन न होने की बात कहने पर युवा भड़क गए। उन्होंने स्टेशन परिसर में जमकर हंगामा किया।
स्टेशन में रात की पाली के अधिकारियों ने उन्हें जैसे-तैसे शांत किया। इसके बाद गुरुवार सुबह दो अतिरिक्त बसों की व्यवस्था कर भेजी गईं। बताया कि दिल्ली की दो बसें रद कर पिथौरागढ़ भेजी गई थी। ऐसे में अतिरिक्त बस की व्यवस्था करने में दिक्कत हुई। छोटी बस की व्यवस्था की गई। पीलीभीत की एक बस को रद करने के बाद उसे टनकपुर रवाना करना पड़ा। जिसके बाद यात्रियों को वाया टनकपुर भेजा गया।
