लखीमपुर-खीरी: मारपीट व फायरिंग में चार घायल, एक युवक को लगी गोली
लखीमपुर-खीरी, अमृत विचार। थाना निघासन क्षेत्र के गांव ढकवा गदियाना में गन्ने के खेत में पशु चराने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। मामला इतना तूल पकड़ गया कि जमकर मारपीट होने लगी। दोनों के बीच धारदार हथियार चले और फायरिंग हुई। गोली लगने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, …
लखीमपुर-खीरी, अमृत विचार। थाना निघासन क्षेत्र के गांव ढकवा गदियाना में गन्ने के खेत में पशु चराने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। मामला इतना तूल पकड़ गया कि जमकर मारपीट होने लगी। दोनों के बीच धारदार हथियार चले और फायरिंग हुई। गोली लगने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि धारदार हथियार से तीन लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को निघासन सीएचसी लाया गया, जहां से डॉक्टर ने गोली से घायल हुए युवक को लखनऊ रेफर कर दिया है। पुलिस ने आठ लोगों के नामजद रिपोर्ट दर्ज की है। मौके से पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है।
गांव ढकवा गदियाना निवासी जाकिर ने बताया उनका खेत गोतेबाज पुरवा के पास है, जिसमें गन्ने की फसल बोई हुई है। गांव गोतेबाज पुरवा के लोग आए दिन फसल में नुकसान करते हैं। इस वजह से पुत्र हसरत रोज खेत देखने आता-जाता था। शनिवार की सुबह 10 बजे हसरत खेत देखने गया था। गन्ने में गोतेबाज पुरवा निवासी भूरे अपने मवेशियों को चरा रहा था। हसरत ने जब मवेशी चराने से मना किया तो भूरे नाराज हो गया और उसने हसरत की जमकर पिटाई कर दी। पिटाई की सूचना पर दोनों पक्ष के लोग मौके पर जमा हो गए।
दोनों के बीच एक बार फिर कहासुनी और गाली गलौज इस कदर बढ़ी कि उनमें जमकर मारपीट शुरू हो गई। लाठी-डंडे और धारदार हथियार चलने लगे। इस दौरान फायरिंग भी हुई। गोली पेट में लगने से जाकिर खून से लथपथ होकर गिर गया। इससे वहां भगदड़ मच गई। इसी पक्ष के नसरुद्दीन, नजाकत और शेर मोहम्मद भी लाठी-डंडों और धारदार हथियार के प्रहार से घायल हो गए। गोली चलने और खूनी संघर्ष से दोनों गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई।
पुलिस ने सभी घायलों को आनन-फानन में सीएचसी निघासन भेजा, जहां से हालत गंभीर होने पर गोली लगने से घायल हुए जाकिर को डॉक्टरों ने लखीमपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में हालत में कोई सुधार न होने पर डॉक्टर ने उसे लखनऊ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है। प्रभारी निरीक्षक चंद्रभान सिंह यादव ने बताया कि पुलिस ने जाकिर की तहरीर पर भूरे, यासिर, आसिम, मोहम्मद, साबिर, कादिम, चप्पू, नियामत निवासी गोटेबाज पुरवा के खिलाफ बलवा, मारपीट की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस ने मौके से भूरे व नौशाद को गिरफ्तार कर लिया है।
ये भी पढ़ें- लखीमपुर-खीरी: इंडो भारत-नेपाल सीमा के गांवों में फैल रहा नकली नोटों का जाल
