पीलीभीत: मंडी गेट पर बाइकों की भिड़ंत में युवक की मौत, नकटादाना चौराहा के पास कार सवार ने गंवाई जान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पीलीभीत, अमृत विचार। सड़कों पर वाहनों की तेज रफ्तार एक बार फिर जानलेवा साबित हुई। अलग-अलग मार्गों पर हुए सड़क हादसों में दो लोगों की जान चली गई। मंडी गेट के पास बाइकों की टक्कर में बारात से लौट रहे युवक की जान चली गई, जबकि दूसरी तरफ कार सवार की अज्ञात वाहन की टक्कर …

पीलीभीत, अमृत विचार। सड़कों पर वाहनों की तेज रफ्तार एक बार फिर जानलेवा साबित हुई। अलग-अलग मार्गों पर हुए सड़क हादसों में दो लोगों की जान चली गई। मंडी गेट के पास बाइकों की टक्कर में बारात से लौट रहे युवक की जान चली गई, जबकि दूसरी तरफ कार सवार की अज्ञात वाहन की टक्कर में मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलने पर संबंधित थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और जानकारी जुटाई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पहला हादसा सुनगढ़ी थाना क्षेत्र में मंडी समिति गेट के पास हुआ। जहानाबाद क्षेत्र के गांव मिलक के रहने वाले 25 वर्षीय तेजराम पुत्र राधेश्याम खेती करते थे। रविवार देर शाम करीब सात बजे वह बाइक पर सवार होकर रिश्तेदार की शादी में शामिल होने रुपपुर गांव गए थे। शादी के बाद वापस जा रहे थे। टनकपुर हाईवे पर मंडी समिति गेट के पास पहुंचते ही उनकी एक अन्य बाइक से टक्कर हो गई। वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर गए, जबकि दूसरी बाइक छोड़ उसका चालक मौके से भाग गया। युवक को सड़क पर तड़पता देख कुछ ही देर में मौके पर भीड़ जमा हो गई।

इसकी सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और एंबुलेंस से घायल को जिला अस्पताल भिजवाया। वहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। शव को मोर्चरी में रखवाकर पुलिस ने शिनाख्त की और परिवार वालों को सूचित किया। हादसे का पता लगते ही परिवार वाले जिला अस्पताल पहुंच गए। दूसरे दिन सुनगढ़ी पुलिस ने शव पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम को भेज दिया।

उधर, शहर के झंडे वाला चौराहा निवासी रोहित मिश्रा के भाई रचित मिश्रा कार से घर जा रहे थे। नकटादाना चौराहा के पास किसी वाहन ने उन्हे टक्कर मार दी। जिसमें कार सड़क किनारे जाकर टकरा गई। हादसे में उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर परिवार वाले मौके पर पहुंचे। फिर चीख पुकार मच गई। शव को परिजन घर ले गए। सभी का रोकर बुरा हाल रहा।

ये भी पढ़ें- पीलीभीत: यह वित्तीय प्रबंधन या निजीकरण की ओर बढ़ाया कदम!- वरुण गांधी

 

संबंधित समाचार