नैनीताल: जिला पंचायत की बोर्ड बैठक में इन 11 प्रस्तावों पर बनी सहमति

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नैनीताल, अमृत विचार। जिला पंचायत की बोर्ड बैठक छह माह बाद सोमवार को जिला पंचायत अध्यक्ष बेला तोलिया की अध्यक्षता में हुई। बैठक में 11 प्रस्तावों पर चर्चा की गई। बोर्ड बैठक में राज्य वित्त मद से मिले बजट से होने वाले विकास कार्यों समेत अन्य पर चर्चा की गई। इसके अलावा जिला पंचायत की …

नैनीताल, अमृत विचार। जिला पंचायत की बोर्ड बैठक छह माह बाद सोमवार को जिला पंचायत अध्यक्ष बेला तोलिया की अध्यक्षता में हुई। बैठक में 11 प्रस्तावों पर चर्चा की गई।

बोर्ड बैठक में राज्य वित्त मद से मिले बजट से होने वाले विकास कार्यों समेत अन्य पर चर्चा की गई। इसके अलावा जिला पंचायत की सड़क चौड़ीकरण, काठगोदाम स्थित जिला पंचायत डाक बंगला में पार्किंग, बारात घर निर्माण, नैनीताल में जिला पंचायत की भूमि पर पार्किंग निर्माण, जिला पंचायत क्षेत्र के अंतर्गत ठोस अपशिष्ट कूड़ा निस्तारण, पार्किंग निर्माण के लिए भूमि के चिह्नीकरण, जिला पंचायत कर्मचारियों के भवन, कार्यालय परिसर के जीर्णोद्धार, कार्यालय प्रयोग के लिए नए वाहन की खरीद और भीमताल में जिला पंचायत की जमीन पर चल रहे स्कूल से 28 लाख रुपये वसूलने के फैसले पर बोर्ड बैठक ने सहमति जताई।

इस दौरान जिला पंचायत अपर मुख्य अधिकारी पीएस बिष्ट, गीता बिष्ट, निवेदिता जोशी, प्रेम बल्लभ बृजवासी, आशा देवी, ललित मोहन, पूजा, अनिल कुमार, अंकित शाह, कमलेश सिंह, विपिन चंद्रा,भावना कपिल आदि मौजूद रहे।

जिला पंचायत की भूमि से जल्द हटाया जाएगा अतिक्रमण
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष बेला तोलिया ने कहा कि नैनीताल जिले में जिला पंचायत की कई हेक्टेयर भूमि है। जिस पर कई वर्षों से लोगों ने अवैध अतिक्रमण किया हुआ है। जिसे जल्द ही हटाया जाएगा। इसके लिए जल्द ही भूमि की पैमाइश के लिए अमीन की नियुक्ति की जाएगी। इसके अलावा जिला पंचायत को घाटे से उबारने के लिए जिले में खाली पड़ी जिला पंचायत की भूमि पर होटल निर्माण, दुकान निर्माण के लिए भूमि लीज पर दी जाएगी। साथ ही नैनीताल जिले में पंचायत द्वारा किराये पर दी गई दुकानों का शासनादेश के आधार पर 10 प्रतिशत किराया वसूला जाएगा। जल्द ही सभी दुकानदारों को नोटिस जारी कर बढ़ा किराया जमा करने के निर्देश दिए जाएंगे। इसके अलावा जिला पंचायत की जमीन पर हुए कब्जे को खाली कराने के लिए जिला पंचायत रणनीति तैयार कर रहा है।

समय पर बोर्ड बैठक न होने से जिला पंचायत सदस्यों में नाराजगी
बीते वर्ष नवंबर के बाद अब हो रही बोर्ड बैठक से जिला पंचायत सदस्यों में नाराजगी देखने को मिली। गौलापार की जिला पंचायत सदस्य निवेदिता जोशी का कहना है कि बोर्ड बैठक समय से न होने के चलते क्षेत्र की समस्याओं के समाधान में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा है।

जिला पंचायत की भूमि पर कार पार्किंग बनाने का दिया सुझाव
पर्यटन स्थलों पर लगने वाले जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए जिला पंचायत सदस्य दीपक मेलकानी ने नैनीताल, भीमताल, रामगढ़, मुक्तेश्वर समेत आसपास के क्षेत्रों में जिला पंचायत की भूमि पर कार पार्किंग बनाने का सुझाव दिया है। दीपक का कहना है की पार्किंग बनने से जिला पंचायत की आय तो बढ़ेगी ही, साथ ही जनता को जाम की समस्या से भी निजात मिलेगी।

संबंधित समाचार