बाराबंकी: चाचा-भतीजे के बीच मारपीट के दौरान गोली लगने से युवती की दर्दनाक मौत, आरोपी गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार/बाराबंकी। थाना क्षेत्र असंद्रा अंतर्गत घर के बाहर लगे पेड़ को लेकर चाचा-भतीजे में जमकर मारपीट हुई। जिसमें एक दूसरे पर ईंट पत्थर के बाद एक पक्ष ने अपने लाइसेंसी असलहे से फायरिंग कर दी। ताबड़तोड़़ चली गोलियों में एक गोली से वहां मौजूद एक युवती की मौत हो गई। दो अन्य गंभीर रूप …

अमृत विचार/बाराबंकी। थाना क्षेत्र असंद्रा अंतर्गत घर के बाहर लगे पेड़ को लेकर चाचा-भतीजे में जमकर मारपीट हुई। जिसमें एक दूसरे पर ईंट पत्थर के बाद एक पक्ष ने अपने लाइसेंसी असलहे से फायरिंग कर दी। ताबड़तोड़़ चली गोलियों में एक गोली से वहां मौजूद एक युवती की मौत हो गई। दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। एसपी ने दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति की जानकारी ली। पुलिस ने इस मामले में 4 लोगों को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है।

थाना असंद्रा के गांव पलौली पूरेचंद्रमन में घर के बाहर लगे यूकेलिप्टस के पेड़ को लेकर अजय सिंह बेटा स्वर्गीय काली बख्श सिंह का विवाद उनके चाचा हर बहादुर सिंह से एक अर्से से चला आ रहा है। बुधवार को करीब 10 बजे अजय सिंह पेड़ की टूटी टहनियों को बीन रहे थे। इसी बीच उनके चाचा हर बहादुर सिंह अपने लड़कों सुभाष सिंह, सत्येंद्र सिंह आदि के साथ आए और अजय सिंह को जबरन लकड़ी बीनने से रोकने लगे। जिसको लेकर दोनों में विवाद खड़ा हो गया।

देखते-देखते दोनों पक्ष एक दूसरे पर हमलावर हो गए। इस बीच अजय सिंह का परिवार वहां आ गया। अब एक-दूसरे पर जमकर ईट-पत्थर चलने लगे। इसी दौरान हर बहादुर सिंह ने पिता की लाइसेंसी बंदूक निकाल ली और फायर करना शुरू कर दिया। ताबड़तोड़ हुए कई राउंड फायरिंग से निकली एक गोली अजय सिंह की 20 साल बेटी स्वीटी को जा लगी। जिसके चलते उसकी घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। गोली की चपेट में आए सत्यम और शिवानी दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

“चाचा और भतीजे में घर के बाहर लगे पेड़ को लेकर विवाद चल रहा था। जिसमें आज चाचा और भतीजे के बीच खूनी संघर्ष हो गया। अजय सिंह तहरीर के आधार पर मारपीट व हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। इस मामले में चार अन्य लोगों को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। -अनुराग वत्स पुलिस अधीक्षक

गोलियों के तड़तड़ाहट से सहमा पलौली पूरेचंद्रमन

चाचा भतीजे के विवाद से पूरा पलौली पूरेचंद्रमन गांव सहम गया है। पलौली पूरेचंद्रमन के अलावा आसपास के गांव में भी चाचा भतीजे के विवाद के ही चर्चा है। गांव वाले बताते हैं कि गोलियों की ताल तड़तड़ाहट से दोनों परिवारों के बीच तनाव की स्थिति और भी बढ़ गई है। जिसको लेकर गांव के लोग सहमे हुए हैं। निकट भविष्य में किसी बड़ी घटना से इनकार नहीं किया जा सकता है।

पढ़ें-कानपुर देहात में भीषण सड़क हादसा: रोडवेज बस ने कार को मारी टक्कर, पांच लोगों की दर्दनाक मौत

संबंधित समाचार