पीलीभीत: किराना व्यापारी का दुकान में मिला शव, कनपटी पर लगी थी गोली

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पीलीभीत, अमृत विचार। संदिग्ध परिस्थितियों में किराना व्यापारी की मौत हो गई। उसका शव अपनी ही दुकान में लहूलुहान हालत में पड़ा मिला। कनपटी पर गोली लगी हुई थी और तमंचा जमीन पर पड़ा मिला। एसपी, एएसपी समेत कई अफसर मौके पर पहुंचे और जानकारी जुटाई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। …

पीलीभीत, अमृत विचार। संदिग्ध परिस्थितियों में किराना व्यापारी की मौत हो गई। उसका शव अपनी ही दुकान में लहूलुहान हालत में पड़ा मिला। कनपटी पर गोली लगी हुई थी और तमंचा जमीन पर पड़ा मिला। एसपी, एएसपी समेत कई अफसर मौके पर पहुंचे और जानकारी जुटाई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रथम दृष्टया मामला खुदकुशी की ओर इशारा करता दिखा। परिजन भी कुछ खास बता नहीं सके। ऐसे में पुलिस की टीमें छानबीन में जुटी हैं।

घटना न्यूरिया थाना क्षेत्र के मरौरी गांव में हुई। यहां के रहने वाले नरेश पाल ने बताया कि उनकी दो किराना की दुकान हैं। एक दुकान घर के बाहर है, जिसमें वह खुद बैठते हैं। दूसरी दुकान मकान से तीन सौ मीटर की दूरी पर है। उस पर बड़ा बेटा सुमित और छोटा बेटा अमित उर्फ सौरभ (24) बैठा करते थे। गुरुवार सुबह करीब आठ बजे अमित रोज की दुकान पर चला गया। करीब दो घंटे बाद दुकान में ही उसकी संदिग्ध हालात में मौत हो गई।

गांव के ही कुछ बच्चे दौड़कर घर आए और बताया कि अमित दुकान में लहूलुहान हालत में पड़ा है। यह सुनकर परिवार वालों के होश उड़ गए। वह मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में युवक को लेकर जिला अस्पताल आए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। कनपटी में गोली लगा होने की बात निकलकर सामने आई तो हड़कंप मच गया। इसकी सूचना मिलने पर एसपी दिनेश कुमार पी, एएसपी डॉ.पवित्र मोहन त्रिपाठी पुलिस बल के साथ जिला अस्पताल पहुंचे।

सदर कोतवाल हरीश वर्धन सिंह को भी फोर्स के साथ मौके पर मुस्तैद कर दिया गया। परिवार से बातचीत की गई, लेकिन वह कुछ अधिक नहीं बता पाए। रंजिश से भी इनकार कर दिया। इसके बाद एसपी फील्ड यूनिट टीम के साथ गांव पहुंचे और घटनास्थल देखा। फिर दुकान पर ही एक तमंचा पड़ा मिल गया। उसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया। आसपास के ग्रामीणों से भी बात की गई। जिसके बाद पुलिस को खुदकुशी किए जाने का अंदेशा हुआ। शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सर्विलांस टीम को भी सुरागरसी के लिए लगा दिया गया है।

ये भी पढ़ें- पीलीभीत: महिला तस्कर की 3 करोड़ 18 लाख की संपत्ति कुर्क

 

संबंधित समाचार