हल्द्वानी: चार जून से 22 जून तक कुमाऊं के पांच जिलों में घूमेंगे कौशल विकास रथ, जानें क्यों है खास
हल्द्वानी, अमृत विचार। कौशल से स्वालंबन को बढ़ावा देने के लिए कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने कैम्प कार्यालय से कौशल विकास रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रथ को रवाना करते हुए मंडलायुक्त ने कहा कि इसका उद्देश्य कौशल एवं प्रशिक्षण विभाग द्वारा प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना व संकल्प कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित योजनाओं …
हल्द्वानी, अमृत विचार। कौशल से स्वालंबन को बढ़ावा देने के लिए कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने कैम्प कार्यालय से कौशल विकास रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रथ को रवाना करते हुए मंडलायुक्त ने कहा कि इसका उद्देश्य कौशल एवं प्रशिक्षण विभाग द्वारा प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना व संकल्प कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित योजनाओं में युवाओं को संचालित कोर्स एवं प्रशिक्षण की जानकारी देना है। युवाओं के स्किल्ड होने से उन्हें बेहतर रोजगार के अवसर मिलेंगे। स्वरोजगार की दिशा में यह एक बेहतर पहल साबित होगी।
रथों के सफल संचालन के लिए विभाग ने कुमाऊं मंडल का रूट मैप तैयार किया है। ये रथ कुमाऊं के 05 जनपद नैनीताल, अल्मोड़ा, चंपावत, पिथौरागढ़ व उधमसिंह नगर के न्यायपंचायत स्तर व दूरस्थ क्षेत्रों में 04 जून से 22 जून तक योजनाओं की जानकारी आम आदमी तक पहुंचाने का प्रयास करेगा। विभाग द्वारा लीफलेट तैयार किया गया है जिसमें क्यूआर स्कैन कोड भी अंकित हैं। विभाग द्वारा 175 ट्रेड संचालित हैं जो कि 18 से 35 वर्ष के अभ्यर्थी के लिए मान्य है। इन ट्रेड में कौशल विकास के प्रशिक्षण हेतु इच्छुक अभ्यर्थी कोड को स्कैन कर ऑनलाइन फॉर्म भर सकते हैं जिसके पश्चात विभाग द्वारा फॉलोअप कर प्रशिक्षण दिया जाएगा।
निदेशक कौशल विकास एवं प्रशिक्षण विनोद गोस्वामी ने बताया कि सामान्य लोगों को योजनाओं की जानकारी हो सके, इसके लिए कौशल विकास रथ में अधिकारी भी रहेंगे जो कि बैनर, वीडियो व पोस्टर के माध्यम से प्रचार प्रसार करेंगे। इस अवसर पर संयुक्त निदेशक एके त्रिपाठी, सहायक निदेशक ममता पांडेय, जिला सेवायोजन अधिकारी शंकर सिंह बोरा, डिस्ट्रिक रिसोर्स पर्सन गीतांजलि, अंतरा, सर्वेयर बीबी जोशी, हिम्मत सिंह आदि रहे।
