लखीमपुर-खीरी: घात लगाए बैठे दो बदमाशों ने दिन दहाड़े सर्राफ को लूटा
अमृतविचार, अलीगंज खीरी। कोतवाली क्षेत्र की अलीगंज चौकी के अंतर्गत ग्राम बांसी मोड़ के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने तमंचा दिखाकर सर्राफ को दिन दहाड़े लूट लिया। विरोध करने पर बदमाशों ने फायरिंग की, जिसमें सर्राफ बाल बाल बच गया। बदमाशों ने तमंचे की बट से पिटाई कर दी। पुलिस ने दो अज्ञात बदमाशों …
अमृतविचार, अलीगंज खीरी। कोतवाली क्षेत्र की अलीगंज चौकी के अंतर्गत ग्राम बांसी मोड़ के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने तमंचा दिखाकर सर्राफ को दिन दहाड़े लूट लिया। विरोध करने पर बदमाशों ने फायरिंग की, जिसमें सर्राफ बाल बाल बच गया। बदमाशों ने तमंचे की बट से पिटाई कर दी। पुलिस ने दो अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम शिवपुरी निवासी राजकुमार रस्तोगी पुत्र बडकऊ रस्तोगी की गोला अलीगंज रोड पर अमित ज्वैलर्स के नाम से दुकान है। शनिवार पूर्वान्ह 10 बजे राजकुमार रस्तोगी अपनी बाइक से मूड़ा सवारान बाजार के लिए जा रहे थे। बताया जाता है कि बांसी मोड़ के पास बैठे बदमाशों ने तमंचा दिखाकर बाइक को रोककर सर्राफ से गाली गलौज करते हुए लूटपाट करने लगे। विरोध करने पर बदमाशों ने फायर कर दी, जो राजकुमार के पास से निकल गई। फायरिंग में हाथ, पैर में लाल दाने पड़ गए। घटना में राजकुमार रस्तोगी बाल-बाल बच गए।
फायरिंग की आवाज सुनकर तमाम ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। जिन्होंने पुलिस को सूचना दी। अलीगंज चौकी पहुंचे राजकुमार ने पुलिस को बताया कि एक लुटेरे के पास चाकू, दूसरे के पास तमंचा था। बदमाश चाकू से बाइक में टगे थैलों में से एक थैले को काट ले गए, जिसमें तहमद, अगौछा, पानी की बोतल और डायरी थी। जबकि दूसरे झोले में बिक्री के लिए ले जा रही ज्वैलरी बच गई।
घटना की सूचना पर अलीगंज चौकी इंचार्ज सतीशचन्द्र यादव, कोतवाल विवेक कुमार उपाध्याय ने दल बल के साथ घटनास्थल का मौका मुआयना किया। पीड़ित ने घटना की तहरीर पुलिस को दे दी है। कोतवाल विवेक कुमार उपाध्याय ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर दो अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। घटना की तफ्शीस अलीगंज चौकी इंचार्ज को सौंपी गई है। शीघ्र ही खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।
इसे भी पढ़ें- लखीमपुर-खीरी: मरीजों के लिए आईं करोड़ों की दवाएं हुईं एक्सपायरी, खाली प्लाट में फेंकी
