संभल : गंगा में नहाते समय तीन युवक डूबे, एक लापता
संभल, अमृत विचार। जुनावई थाना क्षेत्र के साधु मणि आश्रम के गंगा तट पर नहाने आए तीन युवक तेज बहाव के कारण गंगा में बह गए। किसी तरह दो युवक तो बचने में सफल हो गए, जबकि एक युवक गंगा में लापता हो गया। युवक की तलाश के लिए गोताखोर लगाए गए हैं। हादसे के …
संभल, अमृत विचार। जुनावई थाना क्षेत्र के साधु मणि आश्रम के गंगा तट पर नहाने आए तीन युवक तेज बहाव के कारण गंगा में बह गए। किसी तरह दो युवक तो बचने में सफल हो गए, जबकि एक युवक गंगा में लापता हो गया। युवक की तलाश के लिए गोताखोर लगाए गए हैं। हादसे के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। वहीं परिवार वालों में कोहराम मचा है।
काशीपुर गांव निवासी दिनेश 21 वर्ष पुत्र वीरेश कुमार रविवार को क्षेत्र के ही साधु मणि आश्रम के गंगातट पर नहाने आया था। उसके साथ परिवार के चचेरे तहेरे भाई जतनवीर, ओमपाल, धर्मेंद्र कुमार भी साथ आए थे। ये लोग सुबह दस बजे गंगातट पर नहाने के लिए पहुंचे। इसी दौरान तीनों युवक गंगा की गहराइयों में आगे बढ़ते चले गए। तभी तेज बहाव के साथ दिनेश और जतनवीर और ओमपाल गंगा में बहने लगे। किसी तरह जतनवीर और ओमपाल तो बचकर गंगा से निकल आए, लेकिन दिनेश गंगा में लापता हो गया। घटना से मौके पर हड़कंप मच गया। मौके पर मौजूद लोगों ने प्रशासन को हादसे की सूचना दी।
सूचना पाकर प्रभारी निरीक्षक पवन कुमार पुलिस फोर्स के साथ गंगा घाट पहुंच गए। परिवार वाले भी यहां हादसे की खबर मिलते ही पहुंच गए। पुलिस ने युवक की तलाश के लिए आसपास के क्षेत्र से गोताखोर बुला लिए। गोताखोर शाम तक युवक की तलाश में जुटे रहे, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। वहीं युवक के लापता होने से परिवार वालों में कोहराम मचा है। मौके पर परिवार वालों के साथ ग्रामीणों की भीड़ लगी है।
ये भी पढ़ें : संभल : 15 दिन बाद भी नहीं बदला फुंका ट्रांसफार्मर, उपभोक्ताओं में आक्रोश
