मुरादाबाद: महिला की हत्या के आरोप में पति व ससुर पर मुकदमा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। एक पखवारे पहले एक महिला की मौत के मामले में कटघर पुलिस ने उसके पिता की तहरीर पर पति व ससुर पर हत्या का अभियोग दर्ज किया है। पीड़ित पिता का आरोप है कि दहेज लोभी पति व ससुराली उनकी बेटी का शारीरिक व मानसिक उत्पीड़न करते थे। यातना की इंतहां के …

मुरादाबाद, अमृत विचार। एक पखवारे पहले एक महिला की मौत के मामले में कटघर पुलिस ने उसके पिता की तहरीर पर पति व ससुर पर हत्या का अभियोग दर्ज किया है। पीड़ित पिता का आरोप है कि दहेज लोभी पति व ससुराली उनकी बेटी का शारीरिक व मानसिक उत्पीड़न करते थे। यातना की इंतहां के कारण तीन बच्चों के मां की मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने भी पिता के दावों को बल दिया। रिपोर्ट से पता चला कि मृतका के पेट में खून के थक्के जमे हैं। चिकित्सकों ने आशंका जताई कि मारपीट के कारण महिला का लीवर फटा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट व आरोपों के आधार पर अभियोग दर्ज कर पुलिस दोनों हत्यारोपियों की तलाश में जुटी है।

कटघर थाना प्रभारी के मुताबिक उक्बा मस्जिद के पास गली नंबर आठ में रहने वाले शफीक ने तहरीर देकर बताया कि उन्होंने अपनी बेटी रूबी का निकाह आठ साल पहले रहमत नगर करूला निवासी आसिफ के साथ किया था। निकाह बाद से ही दामाद व उसका परिवार रूबी पर दहेज लाने का दबाव बनाने लगे। आरोपियों ने रूबी के साथ मारपीट शुरू कर दी। बेटी का भविष्य सुरक्षित करने की कोशिश में उन्होंने ससुरालियों की हर मांग पूरी की। रूबी तीन बच्चों की मां बनी। समय गुजरने के बाद भी रूबी के प्रति ससुरालियों का बर्ताव नहीं बदला।

लावारिस हाल में जीवनयापन करते रही रूबी एवं उसके बच्चे
रूबी व उसके बच्चे लावारिस हाल में जीवनयापन करते रहे। 13 मई को वह अपनी छोटी बेटी अमरीन निवासी निकट यूसुफ पार्क रहमत नगर गली नंबर एक करूला के घर पहुंचे। अमरीन की तबीयत खराब थी। वहां पहले से ही बड़ी पुत्री समीना मौजूद थी। बड़ी बेटी से बातचीत में पिता ने छोटी बेटी रूबी का हाल पूछा। कहा कि बहुत दिनों से रूबी से बात नहीं हुई। ऐसे में उन्होंने समीना से रूबी के घर जाने व उसका हाल जानने की अपील की। कुछ ही देर में समीना अपनी बहन रूबी के घर रहमतनगर गई। कड़ी मशक्कत बाद ससुराल वालों ने घर का दरवाजा खोला। घर के भीतर रूबी अचेतावस्था में पड़ी मिली। बहन की दशा देख सहमी समीना उल्टे पांव पिता के पास लौट आई।

घर छोड़ ससुराली थे फरार
बहन की दशा बयां करते समीना ने आपबीती बताई। तब शफीक सपरिवार रूबी के घर पहुंचे। रूबी का शव लावारिस हाल में मकान में मिला। ससुराली घर छोड़ फरार थे। पिता की मांग पर कटघर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में रूबी का लीवर फटने की पुष्टि हुई। तहरीर व पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कटघर पुलिस ने रूबी के पति आसिफ व ससुर यासिन के खिलाफ हत्या का अभियोग पंजीकृत कर लिया।

ये भी पढ़ें:- शाहजहांपुर: पुलिस की बेजा कार्रवाई पर थाना रोजा में सपाइयों का थाने गेट पर हंगामा

संबंधित समाचार