लखीमपुर-खीरी: पुलिस की लापरवाही से रात भर सीएचसी में पड़ा रहा शव

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बिजुआ-खीरी,अमृत विचार। भीरा पुलिस की मानवीय संवेदनाएं एक बार फिर तार-तार होती दिखाई पडीं। रेलवे स्टेशन के निकट पड़े मिले एक युवक का शव 15 घंटे तक सीएचसी में रखा रहा। परिवार के लोग भी मौके पर पहुंच गए, लेकिन सूचना मिलने के बाद भी पुलिस नहीं आई। सोशल मीडिया पर जब पुलिस की फजीहत …

बिजुआ-खीरी,अमृत विचार। भीरा पुलिस की मानवीय संवेदनाएं एक बार फिर तार-तार होती दिखाई पडीं। रेलवे स्टेशन के निकट पड़े मिले एक युवक का शव 15 घंटे तक सीएचसी में रखा रहा। परिवार के लोग भी मौके पर पहुंच गए, लेकिन सूचना मिलने के बाद भी पुलिस नहीं आई। सोशल मीडिया पर जब पुलिस की फजीहत शुरू हुई तो करीब 15 घंटे बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने पंचायतनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा है।

थाना व भीरा के रेलवे स्टेशन के समीप सोमवार को एक युवक का शव लावारिश अवस्था में पड़ा था, जिसे पुलिस और स्थानीय लोगों ने 108 एंबुलेंस बुलाकर बिजुआ सीएचसी भिजवाया। जहां पर डॉक्टरों ने बताया कि इसकी कई घंटे पूर्व मृत्यु हो चुकी है। युवक की शिनाख्त भीरा निवासी प्रहलाद (35) के रूप में हुई। थाना भीरा से सिपाही प्रहलाद के घर गए और शव मिलने की सूचना परिजनों को दी। रोते-बिलखते परिवार वाले सीएचसी पहुंच गए। शव देख उनमें कोहराम मच गया।

शिनाख्त होने और परिवार वालों के सीएचसी आने के बाद भी पुलिस अस्पताल तक नहीं आई, जबकि चंद कदमों की दूरी पर थाना भीरा की बिजुआ पुलिस चौकी भी है। परिजन पूरी रात शव के पास विलाप करते रहे और पुलिस चौन की नींद सोती रही। मृतक के बड़े भाई बनवारी ने बताया कि प्रहलाद अविवाहित था और बाहर काम करता था। वह शनिवार को घर पर आया था और किसी को कुछ बिन बताए घर से चला गया था। अक्सर घर से निकल जाता था।

इसलिए उसे ढूंढने का प्रयास नहीं किया गया। शव के पास बैठे परिजनों ने रात में कई बार पुलिस को फोन कर सूचना दी, लेकिन पुलिस अभी आने की बात कह टरकाती रही, जिससे शव रात भर सीएचसी में ही पड़ा रहा। सुबह पुलिस की गैर जिम्मेदाराना हरकत की चारों तरफ निंदा होने लगी और सोशल मीडिया पर भी लोग पुलिस की फजीहत करने लगे। तब जाकर पुलिस हरकत में आई। शव मिलने से करीब 15 घंटे बाद मंगलवार को पुलिस अस्पताल पहुंची और पंचायतनामा भरकर अस्पताल में रखा शव पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा।

इसे भी पढ़ें- लखीमपुर-खीरी: वन विभाग ने पुलिस प्रशासन का सहयोग लेकर हटाया अतिक्रमण

संबंधित समाचार