बरेली: पार्टी से निलंबन काफी नहीं, नूपुर शर्मा पर हो कानूनी कार्रवाई- आईएमसी
अमृत विचार, बरेली। भारतीय जनता पार्टी ने अपनी प्रवक्ता नूपुर शर्मा को पार्टी से 6 साल के लिए निलंबित कर दिया है, लेकिन पैगंबर हजरत मोहम्मद पर टिप्पणी करने के लिए मुस्लिम समुदाय से जुड़े संगठन कानूनी कार्रवाई और उनकी गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। मंगलवार को आईएमसी ( इत्तेहाद-ए-मिल्लत काउंसिल) का एक प्रतिनिधि …
अमृत विचार, बरेली। भारतीय जनता पार्टी ने अपनी प्रवक्ता नूपुर शर्मा को पार्टी से 6 साल के लिए निलंबित कर दिया है, लेकिन पैगंबर हजरत मोहम्मद पर टिप्पणी करने के लिए मुस्लिम समुदाय से जुड़े संगठन कानूनी कार्रवाई और उनकी गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। मंगलवार को आईएमसी ( इत्तेहाद-ए-मिल्लत काउंसिल) का एक प्रतिनिधि मंडल एसएसपी रोहित सिंह सजवाण से मिला। इस दौरान नूपुर शर्मा पर कार्रवाई की मांग करते हुए डीजीपी के नाम प्रार्थना पत्र दिया।
आईएमसी प्रमुख मौलाना तौकीर रजा खान के निर्देश पर पार्टी महासचिव और प्रवक्ता डा. नफीस खान के नेतृत्व में एसएसपी से मिले प्रतिनिधि मंडल ने बताया कि बीते दिनों नूपुर शर्मा ने पैगंबर हजरत मोहम्मद पर टिप्पणी कर मुसलमानों की धार्मिक भावनाओं को आहत किया है।अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी भारत की छवि धूमिल हुई है। पार्टी से निलंबन काफी नहीं है, नूपुर शर्मा पर सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। ताकि भविष्य में कोई किसी की धार्मिक भावनाओं को आहत न कर सके। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को पुलिस महानिदेशक के नाम प्रार्थना पत्र दिया। एसएसपी ने प्रतिनिधि मंडल को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। प्रार्थना पत्र देने वालों में डा. नफीस खान, नदीम खान, मुनीर इदरीसी, तमहीद खान, गोलू मिर्जा, रफीक बेग, कामरान अहमद आदि मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें- बरेली: टीयूलिब टावर के सामने बस ने बुजुर्ग को रौंदा, मौके पर मौत, लोगों ने किया हंगामा
