पीलीभीत: जेल अधीक्षक पर गिरी गाज, बस्ती तबादला
पीलीभीत, अमृत विचार। जेल में बंद सजायाफ्ता द्वारा पीसीओ से कॉल कर अधिवक्ता को धमकाने का मामला तूल पकड़ गया है। शासन ने इसका संज्ञान लेते हुए पूरे मामले की रिपोर्ट तलब की है। वहीं, जेल अधीक्षक शशिकांत सिंह पर भी गाज गिर गई। उनका बस्ती जिले के लिए तबादला कर दिया गया है। हालांकि …
पीलीभीत, अमृत विचार। जेल में बंद सजायाफ्ता द्वारा पीसीओ से कॉल कर अधिवक्ता को धमकाने का मामला तूल पकड़ गया है। शासन ने इसका संज्ञान लेते हुए पूरे मामले की रिपोर्ट तलब की है। वहीं, जेल अधीक्षक शशिकांत सिंह पर भी गाज गिर गई। उनका बस्ती जिले के लिए तबादला कर दिया गया है। हालांकि अभी उनके स्थान पर किसी अन्य जेल अधीक्षक की तैनाती नहीं की गई है। शासन से हुई कार्रवाई को लेकर जेल प्रशासन में हड़कंप मचा रहा।
बीसलपुर के रहने वाले अधिवक्ता प्रदीप कुमार ने तीन दिन पहले पुलिस अधीक्षक से शिकायत की थी। जिसमें बताया था कि उनकी बीसलपुर से ही नगर पालिका चेयरमैन पद पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे एक दबंग से पुरानी रंजिश है। उसी के इशारे पर जेल में बंद सजायाफ्ता कैदी कनाकोर गांव निवासी हरवंश ने उसे कॉल कर जान से मारने की धमकी दी। मामला जेल से कॉल कर धमकी का होने पर पुलिस और जेल प्रशासन में खलबली मच गई थी।
छानबीन में बंदी-कैदी के लिए संचालित पीसीओ से काल कर कांफ्रेंस के माध्यम से धमकाने की बात निकलकर आई थी। बंदी रक्षक की ओर से कोतवाली में एक दिन पूर्व आरोपी कैदी पर रिपोर्ट भी दर्ज करा दी गई थी। इस घटना को शासन ने गंभीरता से लिया है। जिसके बाद प्रकरण की विस्तृत रिपोर्ट तलब की है। इसी के साथ जेल अधीक्षक पर भी गाज गिर गई। उनका तबादला बस्ती जिले में कर दिया है। इस कार्रवाई को धमकी कांड से ही जोड़कर देखा जाता रहा।
ये भी पढ़ें- पीलीभीत: बहन के घर जा रहे बुजुर्ग की ट्रेन से कटकर मौत
