पीलीभीत: 20 लाख और कार न मिलने पर विवाहिता को बंधक बनाकर दी यातनाएं
पीलीभीत, अमृत विचार। दहेज में बीस लाख रुपये और कार की मांग पूरी न होने पर ससुराल वालों ने गर्भवती की पिटाई कर दी। नंदोई समेत दो ससुरालिए आए दिन अश्लील हरकत कर छेड़छाड़ करने लगे। बंधक बनाकर भूखा-प्यासा रखा और फिर घर से निकाल दिया। पीड़िता जब मायके आकर रहने लगी तो वहां भी …
पीलीभीत, अमृत विचार। दहेज में बीस लाख रुपये और कार की मांग पूरी न होने पर ससुराल वालों ने गर्भवती की पिटाई कर दी। नंदोई समेत दो ससुरालिए आए दिन अश्लील हरकत कर छेड़छाड़ करने लगे। बंधक बनाकर भूखा-प्यासा रखा और फिर घर से निकाल दिया। पीड़िता जब मायके आकर रहने लगी तो वहां भी आकर धमकाते हुए तलाक का दबाव बनाया। कोतवाली पुलिस ने तहरीर के आधार पर पति समेत दस के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
शहर की रहने वाली एक विवाहिता ने कोतवाली में दी गई तहरीर में बताया कि उसका निकाह नौ फरवरी 2022 को शाहजहांपुर के थाना सदर क्षेत्र के मोहल्ला ताजोखील निवासी मोहम्मद बकार से हुआ था। निकाह के बाद से ही ससुराल वाले दिए गए दहेज से संतुष्ट नहीं थे। कार और 20 लाख रुपये की मांग की जा रही थी। जब मांग पूरी करने में असमर्थता जताई गई तो प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। मायके वालों ने काफी समझाया, लेकिन ससुरालिए नहीं माने। पीड़िता को नौकरानी की तरह व्यवहार करते थे।
भरपेट खाना भी नहीं दिया जाता था। रोजे में भी तपती धूप में बर्तन आदि साफ कराते थे। आए दिन धमकी दी जाती थी कि तलाक करवा के पति की दूसरी जगह शादी कराएंगे। ससुराल का एक सदस्य आए दिन छेड़छाड़ करता था। अश्लील हरकत कर परेशान करने लगा। ससुर से जब शिकायत की गई तो उल्टा धमका दिया गया।
नंदोई जमील भी बुरी नजर रखता था। 25 मार्च को ससुरालियों ने हत्या करने के इरादे से हमला कर पिटाई की। इसके बाद बंधक बना लिया। 21 अप्रैल को मायके वाले ससुराल पहुंचे और बंधनमुक्त कराने का प्रयास किया तो उनसे भी मारपीट की गई। फिर पीड़िता को धक्के देकर घर से निकाल दिया।
24 अप्रैल को घर आकर तलाक का दबाव बनाया और कुछ कागजात पर हस्ताक्षर करा ले गए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर पति मोहम्मद बकार, सास अकीला बेगम, देवर मोहम्मद एश, मोहम्मद इमाद, नंदोई जमील अहमद, ननद सूविया, ममिया ससुर इश्तियाक, साबिर और साबिर के बड़े भाई के खिलाफ घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न, मारपीट, गाली गलौज, धमकाने और छेड़छाड़ की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है।
इसे भी पढ़ें-पीलीभीत: क्यूआर कोड से मिलेगी दवा से जुड़ी हर जानकारी
