उत्तराखंड में आम आदमी पार्टी को झटका, भाजपा में शामिल हुए आप के प्रदेश अध्यक्ष दीपक बाली
हल्द्वानी, अमृत विचार। उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव में मुंह की खाने के बाद अब आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने भारतीय जनता पार्टी को अपना नया ठिकाना बना लिया है। मुख्यमंत्री पद के प्रत्याशी कर्नल अजय कोठियाल के बाद अब आप के प्रदेश अध्यक्ष दीपक बाली ने भाजपा का दामन थाम लिया है। आज …
हल्द्वानी, अमृत विचार। उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव में मुंह की खाने के बाद अब आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने भारतीय जनता पार्टी को अपना नया ठिकाना बना लिया है। मुख्यमंत्री पद के प्रत्याशी कर्नल अजय कोठियाल के बाद अब आप के प्रदेश अध्यक्ष दीपक बाली ने भाजपा का दामन थाम लिया है। आज देहरादून में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की मौजूदगी में दीपक बाली ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली। इससे पहले दीपक बाली ने सोमवार को अपने पद और आप की सदस्यता से इस्तीफा दिया था।
इस मौके पर दीपक बाली ने कहा कि आम आदमी पार्टी की कार्यप्रणाली के साथ चलने में वह असहज महसूस कर रहे थे और इसी के चलते वह पद छोड़ रहे हैं। बाली ने अपना इस्तीफा आप के राष्ट्रीय संयोजक दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उत्तराखंड प्रदेश प्रभारी दिनेश मोहनिया को भेज दिया है।
बताते चलें कि कुछ साल पहले तक दीपक बाली को एक रियल स्टेट कारोबारी के तौर पर जाना जाता था। साल 2020 में दीपक बाली आम आदमी पार्टी का हिस्सा बने। राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने खुद उन्हें आप की सदस्यता दिलाई थी। इसके बाद लगातार पार्टी में बाली का कद बढ़ता चला गया। कुछ माह के भीतर वह पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष बनाए गए। कुछ माह बाद इलेक्शन कैंपेन कमेटी के अध्यक्ष बने और पार्टी ने अपनी पहली सूची में उन्हें काशीपुर से विधायक प्रत्याशी बनाया लेकिन चुनाव नहीं जीत सके। चुनाव के कुछ महीने बाद आम आदमी पार्टी ने उन्हें उत्तराखंड प्रदेश अध्यक्ष बनाया था। इसके बाद सोमवार रात उन्होंने अपने पद से इस्तीफा दे दिया।
