हल्द्वानी: खड़िया के कट्टों के नीचे छिपा कर ले जाया जा रहा था अवैध लीसा
हल्द्वानी, अमृत विचार। पहाड़ से लाया गया अवैध लीसा शातिर बदमाश उत्तर प्रदेश में ठिकाने लगाने के प्रयास में थे, लेकिन आरोपी उत्तराखंड की सीमा पार नहीं कर सके और काठगोदाम पुलिस के हत्थे चढ़ गए। लीसा को खड़िया के कट्टों के नीचे छिपाकर ले जाया जा रहा था। पुलिस ने 188 टिन लीसा के साथ …
हल्द्वानी, अमृत विचार। पहाड़ से लाया गया अवैध लीसा शातिर बदमाश उत्तर प्रदेश में ठिकाने लगाने के प्रयास में थे, लेकिन आरोपी उत्तराखंड की सीमा पार नहीं कर सके और काठगोदाम पुलिस के हत्थे चढ़ गए। लीसा को खड़िया के कट्टों के नीचे छिपाकर ले जाया जा रहा था। पुलिस ने 188 टिन लीसा के साथ 102 कट्टे खड़िया बरामद करने के साथ कैंटर को सीज कर दिया है।
काठगोदाम थानाध्यक्ष प्रमोद पाठक ने बताया कि सोमवार रात एसआई फिरोज आलम हमराह कां. योगेश कुमार और हरीश पुरी के साथ गश्त पर थे। गौलापार खेड़ा पहुंचने पर पुलिस टीम को मुखबिर ने सूचना दी कि अवैध लीसे से लदा एक कैंटर गौलापुल से होते हुए गौलापार की ओर जा रहा है।
आनन-फानन में टीम ने काली चौड़ मंदिर के पास डेरा जमा लिया और कुछ ही देर में कैंटर सामने था। पुलिस ने कैंटर रोका और पड़ताल शुरू की तो खड़िया के कट्टों के नीचे छिपा कर रखे गए लीसा के टिन बरामद हो गए।
आरोपियों ने पूछताछ में अपना नाम खष्टी दत्त निवासी देवली भद्रकोट देवली धारी नैनीताल व रवि भट्ट निवासी भट्ट बेकरी आरके टैन्ट हाउस रोड कुसुमखेड़ा बताया। साथ ही बताया कि पहले कान्डा बागेश्वर से गाड़ी में खड़िया के कट्टे रखे और फिर एक ठेकेदार से लीसा लेकर गाड़ी में रखा। जिससे मुनाफा कमाने के लिए वो उत्तर प्रदेश लेकर जा रहे थे। आरोपी ठेकेदार का नाम नहीं बता सके।
