राजधानी की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं वायरल वीडियो, पुलिस के लिए बनीं चुनौती
अमृत विचार, लखनऊ। राजधानी की कानून व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ अपराधियों के जेहन में पुलिस का खौफ बरकरार रखने के लिए भले ही सरकार तमाम प्रयास कर रही है पर राजधानी में कानून व्यवस्था के सारे दावे खोखले साबित हो रहे हैं। आए दिन सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर लॉ एण्ड आर्डर …
अमृत विचार, लखनऊ। राजधानी की कानून व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ अपराधियों के जेहन में पुलिस का खौफ बरकरार रखने के लिए भले ही सरकार तमाम प्रयास कर रही है पर राजधानी में कानून व्यवस्था के सारे दावे खोखले साबित हो रहे हैं। आए दिन सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर लॉ एण्ड आर्डर का मखौल बनाने के कई वीडियो सामने आ रहे हैं। जिससे पता चलता है कि अपराधियों में पुलिस का नाममात्र भी खौफ नहीं है। इन वीडियो को देखने के बाद जनता भी पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठा रही है।
पहली घटना: मोबाइल चोरी के शक में बंधक बनाकर पीटा
बीते 28 मई को हजरतगंज में मोबाइल चोरी के शक में एक युवक की बंधक बना कर पिटाई की गई थी। उस समय दबंग डण्डे से पीटते हुए युवक पर चोरी का इल्जाम कबूल करने का दवाब बना रहे थे। तो वहीं युवक सभी से हाथ जोड़कर माफी मांगता दिखाई पड़ रहा था। देर रात यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। उसके बाद हजरतगंज पुलिस ने रोहित नाम के एक शख्स की गिरफ्तारी की थी। वायरल वीडियो में रोहित के अलावा कई लोग युवक से मारपीट करते दिखाई दे रहे थे। यह वीडियो 28 मई की दोपहर का था।
दूसरी घटना: पिस्टल के साथ लहराते दो दोस्तों का वीडियो वायरल
बीते 08 जून को गोसाईंगज थाना क्षेत्र से दो दोस्तों का वीडियो सोशल मीडिया पर तुल पकड़ने लगा। रील्स बनाने के क्रेज में युवक पिस्टल लहराते हुए लॉ एण्ड आर्डर की धज्जियां उड़ाते दिखाई पड़े। जब यह वीडियो पुलिस प्रशासन तक पहुंचा तक पुलिस हरकत में आई। वीडियो के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी की है।
तीसरी घटना: बीच सड़क पर पटक कर पत्नी को पीटता रहा नशेड़ी पति
बीते 08 जून को सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो ने पुलिस के दावों की पोल खोल दी थी। केजीएमयू चौराहे पर नशेड़ी अपनी पत्नी को सड़क पर पटक कर पीटने लगा। राहगीरों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो वह बदसलूकी करने लगा था। किसी ने भी महिला को बचाने की जहमत नहीं की और लोग मोबाइल कैमरे से मारपीट का वीडियो तैयार करने लगे। तो वहीं चौराहे पर भी पुलिस गाड़ी नदारत रही।
लॉ एण्ड आर्डर बरकरार करने के लिए बनाई गई थी रणनीति
- 1: साल 2020 में शासन के आदेश पर राजधानी में पुलिस कमिश्नरेट प्रणाली की शुरूआत हुई
- राजधानी को पांच जोन में बांटा गया
- पुलिस कमिश्नरेट प्रणाली में 01 पुलिस आयुक्त, 02 संयुक्त पुलिस आयुक्त को किया गया तैनात
- राजधानी की बागडोर संभालने के लिए एक संयुक्त पुलिस अपराध दूसरा संयुक्त पुलिस आयुक्त कानून एंव व्यवस्था को सौंपी गई महत्वपूर्ण जिम्मेदारी
- हर जोन में एक डीसीपी और एसीपी समेत आईपीएस अधिकारियों को दी गई जिम्मेदारी
- लॉ एण्ड आर्डर बरकरार करने के लिए पुलिसिंग में किए गए थे बड़े बदलाव
- महिला अपराध की रोकथाम के लिए थानास्तर पर बनाए गए पिंकबूथ
अब इनकी भी सुनें
इस सम्बन्ध में संयुक्त पुलिस आयुक्त, कानून एवं व्यवस्था पीयूष मोर्डिया का कहना है कि कानून व्यवस्था का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पुलिस सख्ती से कार्रवाई करती है। सोशल मीडिया के सभी प्लेटफॉर्म के जरिए पुलिस जनता को जागरुक भी करती है। अगर कोई शख्स पुलिस कार्रवाई में खलल ड़ालता है तो फौरन कार्रवाई के आदेश दिए जाते है।
यह भी पढ़े-देवरिया: भाजपा विधायक के वायरल वीडियो के मामले में पुलिस ने की कार्रवाई, चार गिरफ्तार
