मुरादाबाद : भाजपाई सियासत के खेल में वर्चस्व की जंग का अखाड़ा बना मझोला थाना

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। सियासत में नैतिकता का उच्च मापदंड स्थापित करने का दावा करने वाली भाजपा के कथित नेता व कार्यकर्ता ही अब पार्टी की किरकिरी का सबब बनने लगे हैं। इस दावे की पुष्टि 24 घंटे में मझोला थाने में दर्ज सनसनीखेज वह दो मुकदमे करते हैं, जिसकी तहरीर कुंदरकी की वर्तमान व निवर्तमान …

मुरादाबाद, अमृत विचार। सियासत में नैतिकता का उच्च मापदंड स्थापित करने का दावा करने वाली भाजपा के कथित नेता व कार्यकर्ता ही अब पार्टी की किरकिरी का सबब बनने लगे हैं। इस दावे की पुष्टि 24 घंटे में मझोला थाने में दर्ज सनसनीखेज वह दो मुकदमे करते हैं, जिसकी तहरीर कुंदरकी की वर्तमान व निवर्तमान ब्लॉक प्रमुखों ने लिखी। मारपीट ही नहीं, बल्कि सरेराह छेड़छाड़ तक के गंभीर आरोपों से घिरे भाजपा नेता व कार्यकर्ताओं के सियासी खेल का अंजाम क्या होगा? यह तो वक्त तय करेगा। फिलहाल इससे इन्कार नहीं कर सकते कि कार्यकर्ताओं की कारगुजारी से पार्टी की छवि धूमिल हो रही है।

कुंदरकी के बसेरा खामगांव के पुष्पेंद्र ने शनिवार को मझोला पुलिस को तहरीर दी। भाजपा की जिला कार्यकारिणी का सदस्य बताने वाले युवक ने तहरीर के जरिए दावा किया कि मनोहरपुर गांव के पास दौड़ा-दौड़ा कर उसे पीटा गया है। घटना की वीडियो फुटेज भी वायरल है। भाजपा कार्यकर्ता ने हमले का आरोप कुंदरकी ब्लॉक प्रमुख नगमा के पति गुलाम जिलानी व उनके साथियों पर लगाया। मझोला पुलिस ने देर रात आरोपी ब्लॉक प्रमुख पति समेत कुल छह हमलावरों पर केस दर्ज किया। हमलावरों में गुलाम जिलानी के छोटे भाई रब्बानी जिलानी का भी नाम शामिल है।

हमलावरों ने महिलाओं से की अश्लील हरकत
भाजपा कार्यकर्ता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज हुए 24 घंटे भी नहीं बीते थे कि कुंदरकी ब्लॉक प्रमुख ने तहरीर देकर मामले को नया मोड़ दे दिया। ब्लॉक प्रमुख ने कुंदरकी के पूर्व ब्लॉक प्रमुख पति समेत आठ भाजपा नेताओं के खिलाफ तहरीर दी। आरोप लगाया कि मनोहरपुर के पास पूर्व ब्लॉक प्रमुख पति व भाजपा नेताओं ने उनकी कार को रोक मारपीट की। कार सवार महिलाओं को हमलावरों ने वाहन से बाहर खींच लिया। महिलाओं से अश्लील हरकत की गई। एक समर्थक का हाथ तोड़ डाला।

आरोपियों ने पूर्व में भी उन्हें अपना निशाना बनाया
मारपीट व छेड़छाड़ का आरोप पूर्व ब्लॉक प्रमुख कुंदरकी डॉ. सुनील कुमार व उनके भाई ओमकार निवासी नवीन नगर सिविल लाइंस पर है। ब्लॉक प्रमुख नगमा के मुताबिक आरोपी राजनैतिक रंजिश रखते हैं। आरोपियों ने पूर्व में भी उन्हें अपना निशाना बनाया। पार्टी गाइडलाइन के इतर बीडीसी सदस्यों की खरीद फरोख्त करने की कोशिश हुई। डॉ. सुनील कुमार, उनके भाई ओमकार सिंह, पुष्पेंद्र उर्फ बंटी, राजीव कुमार, सोनू पुत्रगण महेंद्र सिंह निवासी बसेरा थाना मैनाठेर ने सात-आठ साथियों के साथ मिलकर पति की कार पर हमला बोला। ब्लॉक प्रमुख ने हमलावरों पर पद छोड़ने की धमकी देने का भी आरोप लगाया।

मझोला थाना प्रभारी धनंजय सिंह ने कहा कि दोनों पक्षों से मिली तहरीर के आधार पर अभियोग दर्ज किया गया है। विवेचना के दौरान जो भी तथ्य प्रकाश में आएंगे, उसके आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें : मुरादाबाद: भाजपा नेताओं के घरों की बढ़ी सुरक्षा, पीआरवी वाहन तैनात

संबंधित समाचार