त्रिपुरा में उपचुनाव से कुछ दिन पहले कांग्रेस प्रत्याशी पर ईंटों से हमला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अगरतला। अगरतला विधानसभा क्षेत्र में होने वाले उपचुनाव के लिए कांग्रेस प्रत्याशी सुदीप रॉय बर्मन पर त्रिपुरा के उजान अभयनगर में कुछ बदमाशों ने ईंटों से हमला कर दिया। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। पार्टी के एक नेता ने बताया कि पूर्व मंत्री एवं पांच बार के विधायक रॉय बर्मन को अस्पताल में …

अगरतला। अगरतला विधानसभा क्षेत्र में होने वाले उपचुनाव के लिए कांग्रेस प्रत्याशी सुदीप रॉय बर्मन पर त्रिपुरा के उजान अभयनगर में कुछ बदमाशों ने ईंटों से हमला कर दिया। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। पार्टी के एक नेता ने बताया कि पूर्व मंत्री एवं पांच बार के विधायक रॉय बर्मन को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और वह खतरे से बाहर हैं।

एक पुलिस अधिकारी के मुताबिक, घटना रविवार देर रात हुई, जब रॉय बर्मन कांग्रेस कार्यकर्ता आलोक गोस्वामी से मिलने गए थे, जिनके घर पर युवकों के एक समूह ने हमला किया था। अभयनगर चौकी के प्रभारी अधिकारी उत्तम पॉल ने कहा, ‘‘ये युवक हाल ही में कांग्रेस में शामिल हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ता गोस्वामी के घर के बाहर एकत्रित हुए थे।’’ पॉल के अनुसार, रॉय बर्मन के गोस्वामी के आवास पर पहुंचने के बाद युवकों के समूह और उनके निजी सुरक्षा गार्डों के बीच हाथापाई हो गई।

उन्होंने कहा, ‘‘इससे पहले कि हम मौके पर पहुंचते, पूर्व विधायक पर ईंटों से हमला हुआ और वह जमीन पर गिर गए। घटना में एक पुलिस अधिकारी को भी चोटें आई हैं।’’ महिला कांग्रेस की एक नेता शिखा देब ने कहा कि ईंटों से चोट लगने के कारण रॉय बर्मन की नाक की हड्डी टूट गई है। वह इस साल की शुरुआत में भाजपा छोड़ कांग्रेस से जुड़ गए थे। पॉल ने कहा, ‘‘हमें पूर्व विधायक से जुड़ी घटना के संबंध में अब तक कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है।

’’ त्रिपुरा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बीरजीत सिन्हा ने रॉय बर्मन पर हमले की निंदा करते हुए आरोप लगाया कि उपचुनाव प्रचार के लिए रविवार को असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के राज्य के दौरे के बाद स्थिति और खराब हो गई है। उन्होंने कहा, ‘‘मैं मतदाताओं से अपील करता हूं कि 23 जून को होने वाले उपचुनाव में भाजपा प्रायोजित ‘गुंडाराज’ को वोट के जरिये मुंहतोड़ जवाब दें।

’’ इस बीच, भाजपा (अगरतला मंडल) ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें आरोप लगाया गया है कि कांग्रेस समर्थकों के एक समूह ने रविवार रात उजान अभयनगर में उसके झंडे और पार्टी के चुनाव चिह्न वाली सामग्री को नुकसान पहुंचाया। अगरतला में चार विधानसभा सीटों के लिए उपचुनाव 23 जून को होने हैं। मतों की गिनती 26 जून को की जाएगी।

ये भी पढ़ें- देश में अग्निपथ के खिलाफ प्रदर्शन: रेलवे ने रद्द कीं 529 ट्रेन

संबंधित समाचार