बरेली: संविदा कर्मियों ने जेई को पीटा, पुलिस ने दो लोगों को पकड़ा
बरेली, अमृत विचार। विधायक के सम्मान में हुए कार्यक्रम के बाद डेलापीर उपकेंद्र में लाइट बंद करने को लेकर जेई और संविदाकर्मी में विवाद हो गया। इसके बाद संविदा कर्मियों ने जेई से मारपीट की। जेई पर चाकू से हमला भी किया गया। किसी तरह जेई ने जान बचाई। वहीं संविदाकर्मी की पत्नी का आरोप …
बरेली, अमृत विचार। विधायक के सम्मान में हुए कार्यक्रम के बाद डेलापीर उपकेंद्र में लाइट बंद करने को लेकर जेई और संविदाकर्मी में विवाद हो गया। इसके बाद संविदा कर्मियों ने जेई से मारपीट की। जेई पर चाकू से हमला भी किया गया। किसी तरह जेई ने जान बचाई। वहीं संविदाकर्मी की पत्नी का आरोप है कि जेई ने शराब पीकर मारपीट की। पुलिस ने दो संविदा कर्मियों को गिरफ्तार कर लिया है।
प्रयागराज के जीतेंद्र केसरवानी डेलापीर सब स्टेशन पर अवर अभियंता हैं। उन्होंने बताया कि वह रविवार की रात 10 बजे जब सब स्टेशन पर पहुंचे तो देखा कि विद्युत आपूर्ति पूर्णतया बाधित थी। वहां पर संविदाकर्मी रिंकू, विशाल और प्रकाश बैठकर शराब पी रहे थे। इस पर उन्होंने बेवजह विद्युत आपूर्ति बंद करने का कारण पूछा तो आरोपी हमलावर हो गए और उनके साथ मारपीट कर चाकू से हमला कर दिया।
किसी तरह जान बचाई। जेई का कहना है कि रिंकू की पत्नी शीतल ने उस पर डंडों से हमला किया। उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने रिंकू, प्रकाश, विशाल कौशल और रिंकू की पत्नी शीतल के खिलाफ मारपीट और सरकारी कार्य में बाधा डालने की रिपोर्ट दर्ज कर ली। पुलिस ने सोमवार को रिंकू और विशाल को गिरफ्तार कर उनका चालान कर दिया।
वहीं रिंकू की पत्नी का आरोप है कि रविवार को सब स्टेशन पर नवाबगंज के विधायक डा. एमपी आर्य का स्वागत समारोह था। उनके जाने के बाद वहां पर जेई नशे में साथियों के पहुंचे और आते ही उसके पति से मारपीट की, कुछ सामान भी छीन लिया। हालांकि पुलिस ने महिला की शिकायत पर रात तक कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं की थी।
जिला अध्यक्ष है रिंकू श्रीवास्तव
जेई के साथ मारपीट करने वाला रिंकू यूपी संविदा कर्मचारी संघ में जिलाध्यक्ष है। उसकी संविदा कर्मियों में अच्छी पकड़ है। बताया जाता है कि रिंकू के कहने पर ही उसके साथियों ने जेई पर हमला किया था। जेई के साथ मारपीट के मामले में पुलिस ने पहले मारपीट की धारा में रिपोर्ट दर्ज की थी। इसके बाद जब जेई और एसडीओ ने कार्यालय पर हंगामा किया। जिसके बाद मामले में सरकारी कार्य में बांधा डालने की धारा को बढ़ाकर आरोपियों की गिरफ्तारी की गई।
मारपीट का वीडियो वायरल
जेई और संविदा कर्मचारियों के बीच में हुई मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसमें दोनों ही पक्षों में मारपीट होती दिखाई दे रही है। इसके साथ ही दोनों पक्षों में गाली-गलौज भी हो रही है।
पुलिस ने जेई की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मामले में सरकारी कार्य में बांधा डालने की धारा को बढ़ाया गया है। दो लोगों को गिरफ्तार कर उनका चालान किया गया है—दयाशंकर, इंस्पेक्टर प्रेमनगर।
यह भी पढ़ें- बरेली: बीडीए ने अवैध रूप से विकसित कॉलोनी के निर्माण किए ध्वस्त
