पीलीभीत: खाना खाकर टहलने निकले युवक पर चलाई गोलियां, रुपये के लेनदेन को लेकर चल रहे पुराने विवाद
अमृत विचार, पीलीभीत। खाना खाने के बाद टहलने निकले एक युवक पर पुरानी रंजिश में हमला कर दिया गया। झाड़ियों में छिपे हमलावरों ने तमंचे एक-एक दो फायर किए। जिसमें गोली कंधे पर लगी। गोली चलने की आवाज सुनकर राहगीर और स्थानीय लोग जमा हुए तो हमलावर तमंचा लहराते हुए धमकी देकर भाग गए। घायल …
अमृत विचार, पीलीभीत। खाना खाने के बाद टहलने निकले एक युवक पर पुरानी रंजिश में हमला कर दिया गया। झाड़ियों में छिपे हमलावरों ने तमंचे एक-एक दो फायर किए। जिसमें गोली कंधे पर लगी। गोली चलने की आवाज सुनकर राहगीर और स्थानीय लोग जमा हुए तो हमलावर तमंचा लहराते हुए धमकी देकर भाग गए। घायल को जिला अस्पताल में प्रारंभिक इलाज के बाद हालत गंभीर बताते हुए बरेली रेफर कर दिया गया है। उधर, घटना की सूचना मिलने पर जहानाबाद पुलिस छानबीन में जुट गई है। कुछ लोगों को हिरासत में लिया है। जिनसे देर शाम तक पूछताछ चलती रही।
घटना सोमवार रात करीब साढ़े आठ बजे की है। कस्बा जहानाबाद के मोहल्ला भिलई के रहने वाले अतीक अहमद पुत्र शब्बीर ने करीब दो साल पहले बगवा गांव के एक व्यक्ति ने 70 हजार रुपये उधार लिए थे। पीड़ित के अनुसार वह कुछ रकम वापस भी कर चुका है, लेकिन आरोपी पक्ष बकाए से अधिक रुपये मांगने लगे। इसे लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा है। पूर्व में भी कहासुनी हो चुकी है। सोमवार रात को वह खाना खाकर रोज की तरह घर से टहलने के लिए निकले। कुछ ही दूर पर खेड़ा मोहल्ले की तरफ पहुंचते ही आरोप है कि झाड़ियों में पहले से छिपे तीन आरोपियों ने अचानक हमला कर दिया। मारपीट की गई।
उसके बाद एक हमलावर ने तमंचे से गोली चलाई। मगर, उसमें वह बच गए। वह संभल पाते इससे पहले ही दूसरे हमलावर ने भी तमंचे से फायर कर दिया। गोली उनके कंधे में लगी। वह लहूलहुान होकर सड़क पर गिर गए। गोली चलने की आवाज सुनकर राहगीर और मोहल्ले के कई लोग जमा हो गए। यह देख हमलावर धमकी देकर भाग गए। घायल हालत में लोगों ने पीड़ित को घर पहुंचाया। उसके बाद परिजन आनन-फानन में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे।
प्राथमिक इलाज देने के बाद चिकित्सकों ने हालत गंभीर होने पर रेफर कर दिया। परिवार वाले घायल को बरेली ले गए और एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। इधर, काफी देर तक तो पुलिस घटना से अंजान रही। मगर, जैसे ही गोलीकांड का पता लगा तो खलबली मच गई। सीओ सदर लल्लन सिंह के निर्देश पर एसओ जहानाबाद प्रभास कुमार ने छानबीन शुरू कर दी। कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया। जिनसे दूसरे दिन भी पुलिस टीम पूछताछ कर सत्यता का पता लगाने में जुटी रही। उधर, पुलिस को भी शुरुआती जांच में घटना को लेकर संदेह गहराया है। इसे लेकर कई बिंदुओं पर कार्रवाई की जा रही है।
ये भी पढ़ें- पीलीभीत: रफ्तार का कहर, सड़क हादसों में बरेली की महिला समेत दो की मौत
