रुद्रपुर: ब्याज माफिया चिराग अग्रवाल और उसके गुर्गों पर लगाया गैंगस्टर
रुद्रपुर, अमृत विचार। ब्याज पर रुपये देकर मारपीट व नग्न वीडियो बनाने वाले ब्याज माफिया चिराग अग्रवाल और उसके तीन अन्य साथियों पर पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट लगाया है। जिलाधिकारी से अनुमति मिलने के बाद थाना ट्रांजिट कैंप पुलिस ने यह कार्यवाही की है। इस मामले में एक आरोपी फरार चल रहा है। पुलिस उसके …
रुद्रपुर, अमृत विचार। ब्याज पर रुपये देकर मारपीट व नग्न वीडियो बनाने वाले ब्याज माफिया चिराग अग्रवाल और उसके तीन अन्य साथियों पर पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट लगाया है। जिलाधिकारी से अनुमति मिलने के बाद थाना ट्रांजिट कैंप पुलिस ने यह कार्यवाही की है। इस मामले में एक आरोपी फरार चल रहा है। पुलिस उसके खिलाफ कुर्की की कार्यवाही करने की तैयारी में है।
आवास विकास निवासी ब्याज माफिया चिराग अग्रवाल जरूरतमंदों को ब्याज पर रुपये देने के एवज में 10 से 12 प्रतिशत का ब्याज वसूलता था। ब्याज की रकम नहीं देने वालों को निर्वस्त्र कर उनका वीडियो बनाता था। साथ ही उनके परिजनों से अभद्रता कर जेवर, वाहन आदि भी ब्याज के एवज में जब्त कर लेता था। इस तरह का वीडियो वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया था। जब पुलिस चिराग को पकड़ने पहुंची तो चिराग ने अपनी कार को किच्छा रोड हाइवे पर तकरीबन दस किमी तक दौड़ाया था। इस दौरान सीओ सिटी अभय सिंह को टक्कर मारने का प्रयास किया था। बाद में वह पकड़ा गया।
जांच में उसके साथियों के तौर पर गोविंद ढाली, देवरथ मंडल और घनश्याम बाठला के नाम सामने आए था। तीन लोगों की शिकायत करने के बाद पुलिस ने चिराग अग्रवाल और उसके साथी गोविंद ढाली को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। देवरथ मंडल ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया था। घनश्याम बाठला अभी भी फरार चल रहा है। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने सख्त कार्रवाई के निर्देश दिये थे। जिसके बाद थाना ट्रांजिट कैंप पुलिस ने जिलाधिकारी से गैंग चार्ट अनुमोदित कराकर चारों आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट भी पंजीकृत कर लिया है।
