बागेश्वर: अब चिकित्सालयों में बनने लगेंगे गोल्डन व आयुष्मान कार्ड

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बागेश्वर, अमृत विचार। प्रदेश सरकार के निर्देश पर अब पुनः चिकित्सालयों में गोल्डन व आयुष्मान कार्ड बनाने की सुविधा मिलेगी। इसके लिए जनता को साइबर कैफे के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। इसके लिए जनपद में चार चिकित्सालयों में आयुष्मान मित्रों की तैनाती की जाएगी तथा काउंटर उपलब्ध कराया जाएगा। सरकार द्वारा आम जनता को निशुल्क …

बागेश्वर, अमृत विचार। प्रदेश सरकार के निर्देश पर अब पुनः चिकित्सालयों में गोल्डन व आयुष्मान कार्ड बनाने की सुविधा मिलेगी। इसके लिए जनता को साइबर कैफे के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। इसके लिए जनपद में चार चिकित्सालयों में आयुष्मान मित्रों की तैनाती की जाएगी तथा काउंटर उपलब्ध कराया जाएगा।

सरकार द्वारा आम जनता को निशुल्क जांच व इलाज के लिए आयुष्मान कार्ड की सुविधा प्रदान की जाती है। इसका कई चिकित्सालयों में लाभ भी मिलता है। जबकि सरकारी कर्मचारियों व पेंशन कर्मचारियों तथा उनके परिजनों के लिए गोल्डन कार्ड की सुविधा प्रदान की जाती है। प्रारंभिक चरण में इसके लिए चिकित्सालयों में आयुष्मान कार्ड बनाए जाते थे।

जबकि गोल्डन कार्ड बनाने के लिए कोषागार में काउंटर लगाया गया था। इनका जिम्मा निजी एजेंसी को था लेकिन बाद में इन्हें किन्हीं कारणों से बंद कर दिया गया था। इसके बाद से आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए आम जनता को साइबर कैफे के चक्कर लगाने पड़ता है। इसमें जनता के समय व धन का नुकसान होता है। अब सरकार द्वारा पुनः इस योजना को संचालित किया जाना है। इसके तहत स्वास्थ्य विभाग थर्ड पार्टी के जरिये चिकित्सालयों में कार्ड बनाने के लिए आयुष्मान मित्रों की तैनाती कर रहा है।

इन चिकित्सालयों में तैनात होंगे आयुष्मान मित्र
बागेश्वर। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिला चिकित्सालय समेत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बैजनाथ, कपकोट, कांडा में आयुष्मान व गोल्डन कार्ड बनाए जाएंगे। इसके लिए आयुष्मान मित्रों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। ये जुलाई माह से कार्य करना प्रारंभ कर देंगे।

आयुष्मान मित्रों की तैनाती के लिए उन्हें प्रशिक्षण दिया जा रहा है। आयुष्मान मित्र चिकित्सालय में आयुष्मान व गोल्डन कार्ड बनाने के साथ ही जनता को इस योजना का लाभ पहुंचाने में मदद का कार्य करेंगे।

– भास्कर देवड़ी, जिला समन्वयक, आयुष्मान मित्र योजना

संबंधित समाचार