लालकुंआ: हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ता का चालान काटने पर बवाल
लालकुआं, अमृत विचार। रेलवे सुरक्षा बल ने बुधवार को गौला रोड रेलवे क्रॉसिंग के नीचे से निकलने वाली बाइकों के खिलाफ धरपकड़ अभियान चलाया। इस दौरान हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ता की गाड़ी छोड़ने को लेकर व्यापार मंडल के पदाधिकारियों और आरपीएफ की उपनिरीक्षक के बीच बहस हो गई। बाद में अन्य लोगों की मध्यस्थता के …
लालकुआं, अमृत विचार। रेलवे सुरक्षा बल ने बुधवार को गौला रोड रेलवे क्रॉसिंग के नीचे से निकलने वाली बाइकों के खिलाफ धरपकड़ अभियान चलाया। इस दौरान हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ता की गाड़ी छोड़ने को लेकर व्यापार मंडल के पदाधिकारियों और आरपीएफ की उपनिरीक्षक के बीच बहस हो गई। बाद में अन्य लोगों की मध्यस्थता के बाद मामला शांत हुआ।
बुधवार की सुबह रेलवे सुरक्षा बल द्वारा क्रॉसिंग बंद होने के दौरान गौला रोड रेलवे क्रॉसिंग के नीचे से आरपीएफ ने अभियान चलाया। इस बीच अपने घर से आ रहे वार्ड नंबर 5 निवासी हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ता राज किरन सेतिया की मोटरसाइकिल यहां तैनात आरपीएफ की उपनिरीक्षक मनीषा मीणा ने पकड़ ली। जानकारी मिलने पर मौके पर व्यापार मंडल के अध्यक्ष दीवान सिंह बिष्ट पहुंचे।
उन्होंने उपनिरीक्षक से बाइक छोड़ने की अपील की। हालांकि उपनिरीक्षक ने बाइक छोड़ने से साफ इनकार कर दिया। जिसे लेकर दोनों पक्षों में बहस होने लगी। बहस बढ़ने लगी तो उपनिरीक्षक मनीषा ने व्यापार मंडल अध्यक्ष से कहा कि अधिक नहीं बोलें अन्यथा उन्हें भी उठाकर बंद कर देंगी। इतना सुनते ही उपस्थित व्यापारी आक्रोशित हो उठे।
उन्होंने आरपीएफ के विरुद्ध हंगामा शुरू कर दिया। देखते ही देखते भारी संख्या में व्यापारी मौके पर एकत्र होने लगे। मौके पर आरपीएफ और सिविल पुलिस के अन्य जवानों को भी बुलाया गया। करीब एक घंटे तक हंगामा चलता रहा। आरपीएफ के प्रभारी निरीक्षक तरुण वर्मा एवं लालकुआं कोतवाली के उपनिरीक्षक चंद्रशेखर जोशी ने व्यापारियों एवं आरपीएफ उपनिरीक्षक को समझाकर बमुश्किल शांत किया।
इसके बाद आरपीएफ के जवान हिंदूवादी संगठन कार्यकर्ता की बाइक लेकर कोतवाली आरपीएफ को रवाना हो गए। दीवान सिंह बिष्ट ने कहा कि उन्होंने केवल निवेदन किया था परंतु आरपीएफ निरीक्षक लड़ने भिड़ने को आमादा थीं। उन्होंने बताया कि वह पत्रकारों के कैमरे छीनने के लिए आरपीएफ कर्मियों को कहने लगीं, जिससे पत्रकार भी आक्रोशित हो उठे। इस दौरान प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल के महामंत्री दिनेश लोहनी, उपाध्यक्ष नंदन सिंह राणा, संजय जोशी, रवि अनेजा, राजकुमार सेतिया, राधेश्याम यादव, मोहम्मद हफीज आदि मौजूद रहे।
अभियान जारी रहेगा: वर्मा
लालकुआं। आरपीएफ प्रभारी निरीक्षक तरुण वर्मा ने बताया कि रेलवे क्रॉसिंग परिसर से बंद फाटक के दौरान बाइक निकाल रहे राज किरन सेतिया की बाइक का चालान किया जा रहा है और रेलवे सुरक्षा बल भविष्य में रेलवे क्रॉसिंग के नीचे से बंद बैरियर के दौरान दो पहिया वाहन निकालने वालों के खिलाफ धरपकड़ अभियान जारी रखेगा।
