मुरादाबाद : कुपोषण से लड़ने में फोर्टिफाइड चावल महत्वपूर्ण हथियार
मुरादाबाद, अमृत विचार। मध्यान्ह भोजन योजना में स्कूलों में पढ़ने वाले व आंगनबाड़ी केंद्रों पर पंजीकृत बच्चों को अब दिन में मिलने वाले भोजन में फोर्टिफाइड चावल वितरित किया जाएगा। इसको सफल बनाने के लिए गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अपर जिलाधिकारी प्रशासन सुरेंद्र सिंह की अध्यक्षता में खाद्य एवं रसद विभाग के अधिकारियों और …
मुरादाबाद, अमृत विचार। मध्यान्ह भोजन योजना में स्कूलों में पढ़ने वाले व आंगनबाड़ी केंद्रों पर पंजीकृत बच्चों को अब दिन में मिलने वाले भोजन में फोर्टिफाइड चावल वितरित किया जाएगा। इसको सफल बनाने के लिए गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अपर जिलाधिकारी प्रशासन सुरेंद्र सिंह की अध्यक्षता में खाद्य एवं रसद विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की बैठक हुई। इसमें शासन की शीर्ष प्राथमिकता वाली कल्याणकारी योजनाओं में फोर्टिफाइड चावल वितरण कराने और इसके लाभ के बारे में प्रशिक्षित किया गया।
- अब कल्याणकारी योजनाओं में बंटेगा फोर्टिफाइड चावल
- कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक में दिया गया प्रशिक्षण, बताई गई महत्ता
फोर्टिफाइड चावल की महत्ता बताते हुए जिला खाद्य विपणन अधिकारी राजेश्वर प्रताप सिंह ने कहा कि कुपोषण से लड़ाई में यह महत्वपूर्ण हथियार हो सकता है। उन्होंने कहा कि सामान्य चावल में फोर्टिफाइड राइस ( आयरन, फोलिक एसिड व विटामिन बी-12) मिलाकर तैयार किया जाता है। जो कुपोषण को दूर करने में कारगर है। स्टेट लीड उत्तर प्रदेश (राइस फोर्टिफिकेशन) फेमिली हेल्थ पाथ लखनऊ अभिषेक शुक्ला ने प्रशिक्षण देते हुए बताया कि अब भारतीय खाद्य निगम गोदाम में चावल मिलों द्वारा फोर्टिफाइड चावल का ही भंडारण किया जाएगा। इसके लिए सभी चावल मिलों में ब्लेंडर मशीन लगाना अनिवार्य है। धान खरीद में केंद्रों से खरीद कर भेजे गए धान की कुटाई करने के बाद तैयार चावल में पोषण तत्वों से भरपूर फोर्टिफाइड राइस कर्नेल (एफआरके) 100:1 के अनुपात में मिलाया जाएगा। बैठक में उपायुक्त खाद्य विनोद कुमार सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी बुद्ध प्रिय सिंह सहित अन्य अधिकारी और चावल मिलों के प्रोपराइटर उपस्थित थे।
जिले में 18 में से तीन चावल मिलों में ब्लेंडर मशीन लग चुकी हैं, शेष मिलर्स को जुलाई तक ब्लेंडर मशीन हर हाल में लगवाने का निर्देश दिया गया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर एक सप्ताह में इसका निरीक्षण भी किया जाएगा। -राजेश्वर प्रताप सिंह, जिला खाद्य विपणन अधिकारी
