मुरादाबाद: बैंक कर्मी बताकर युवती ने दिल्ली के युवक को लगाया 8.60 लाख का चूना
मुरादाबाद,अमृत विचार। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र की युवती ने खुद को बैंककर्मी बता दिल्ली के युवक को 8.60 लाख रुपये का चूना लगा दिया। बाद में उसने फोन भी उठाना बंद कर दिया। पति, मां व बहन ने भी पल्ला झाड़ लिया। पीड़ित की तहरीर पर सिविल लाइंस पुलिस ने आरोपी युवती पर धोखाधड़ी का …
मुरादाबाद,अमृत विचार। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र की युवती ने खुद को बैंककर्मी बता दिल्ली के युवक को 8.60 लाख रुपये का चूना लगा दिया। बाद में उसने फोन भी उठाना बंद कर दिया। पति, मां व बहन ने भी पल्ला झाड़ लिया। पीड़ित की तहरीर पर सिविल लाइंस पुलिस ने आरोपी युवती पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।
नई दिल्ली के बसंतकुंज इंक्लेव निवासी राहुल चौधरी के अनुसार मुरादाबाद में कांठ रोड स्थित दीनदयाल नगर फेज एक निवासी शालिनी राजपाल ने खुद को यूनियन बैंक में कार्यरत बताया। कहा कि मैं मार्केट-म्यूचल फंड में पैसे लगाती हूं। आपको रिटर्न समेत 12-25 मई तक पैसे वापस आएंगे। झांसे में आकर राहुल ने पहली मई को एक लाख, दो मई को चार लाख, तीन को ढाई लाख व चार को ढाई लाख कुल 10 लाख रुपये शालिनी के बैंक अकाउंट में ट्रांसफर कर दिए। विश्वास जमाने के लिए शालिनी ने 19 मई को एक लाख व 20 मई को 40 हजार रुपये राहुल के खाते में ट्रांसफर कर दिए। राहुल ने बाकी रकम के बारे में पूछा तो शालिनी ने फोन उठाना बंद कर दिया।
पति बोला-शालिनी अस्पताल में है भर्ती
पीड़ित ने शालिनी की बहन सोनिया के फोन से उसके पति दीपक से बात की तो उसने यह कहते हुए फोन काट दिया कि मामले में उसे कुछ नहीं पता, शालिनी अस्पताल में भर्ती है। शालिनी की मां ने कह दिया कि हमने उसकी शादी कर दी, अब हमें नहीं पता कि वह ससुराल में क्या कर रही है? पीड़ित को लालच देकर शालिनी ने 8.60 लाख रुपये का चूना लगाया। इंस्पेक्टर सिविल लाइंस गजेंद्र सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी युवती की तलाश की जा रही है।
ये भी पढ़ें:- अमरोहा : खेत में पानी चलाने पर तीन भाइयों में मारपीट में एक गंभीर
