बरेली: 75 होटल एवं रेस्त्रा की जारी की गई हाईजीन रेटिंग
बरेली, अमृत विचार। एफएसएसएआई (फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड अथाॅरिटी आफ इंडिया) और आरआईआर मिलकर होटल एवं रेस्त्रा को रेटिंग देने का काम इन दिनों कर रहे हैं। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की मदद से इस काम को किया जा रहा है। शहर में अब तक कुल 75 होटल एवं रेस्त्रा को हाईजीन रेटिंग …
बरेली, अमृत विचार। एफएसएसएआई (फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड अथाॅरिटी आफ इंडिया) और आरआईआर मिलकर होटल एवं रेस्त्रा को रेटिंग देने का काम इन दिनों कर रहे हैं। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की मदद से इस काम को किया जा रहा है। शहर में अब तक कुल 75 होटल एवं रेस्त्रा को हाईजीन रेटिंग दी जा चुकी है। इनमें होटल और रेस्त्रां के अलावा मिठाई और बेकरी शाप भी शामिल हैं। पर्यटन से संबंधित कई एप और वेबसाइटों ने यह रेटिंग इन प्रतिष्ठानों के लिए जारी भी कर दी है। जिसमें उन्हें तीन, चार एवं पांच नंबरों की रेटिंग दी गई है।
अधिकारियों के मुताबिक जिन 75 प्रतिष्ठानों को हाईजीन रेटिंग दी गई है उनमें होटल स्वर्ण टावर, होटल रेडिसन, अजंता स्वीट्स, प्रकाश स्वीट्स आदि शामिल हैं। आरआईआर एजेंसी प्रतिनिधि के साथ जाकर एफएसडीए के अधिकारी होटल एवं रेस्टोरेंट आदि की स्वच्छता परख रहे हैं तो दूसरी तरफ बेकरी, नमकीन, होटल और मिठाई की दुकानों से नमूने लेकर उनकी गुणवत्ता की जांच कर रहे हैं।
रेटिंग देने की प्रक्रिया की बात करें तो प्रतिष्ठान संचालकों से आडिट के दौरान 48 सवालों के जवाब पूछे जा रहे हैं। रेटिंग में पास होने पर प्रतिष्ठान की मानक और गुणवत्ता को सार्वजनिक किया जा रहा है। वहीं अगर कोई प्रतिष्ठान संचालक इस प्रक्रिया में शामिल होना चाहता है तो उसे एफएसएसएआई की वेबसाइट पर अपने लाइसेंस की आईडी के जरिए आवेदन करना होगा।
दो-दो अंकों के 44 प्रश्नों और चार-चार अंकों के चार सवालों के जवाब देने होंगे। पानी की जांच, खाद्य पदार्थों की जांच, कर्मचारियों का मेडिकल फिटनेस और पेस्ट कंट्रोल प्रमाण पत्र भी पेश करना होगा। इसके बाद एजेंसी और एफएसडीए की टीम प्रतिष्ठान संचालकों के दावों को स्थलीय निरीक्षण के जरिए परख रही है।
कई की बेहतर को कई की कम रेटिंग
अभी तक जिन होटलों, रेस्टोरेंट व अन्य की रेटिंग दी गई है, उनमें कई की रेटिंग काफी बेहतर है। अब तक सबसे अधिक रेटिंग शहर के एक होटल की 4.5 दी गई है। इनमें कई की रेटिंग सिर्फ दो ही दी गई है।
एजेंसी आरआईआर के साथ मिलकर हाईजीन रेटिंग देने का काम होटलों एवं रेस्त्रां और खाद्य पदार्थों की बिक्री करने वाले प्रतिष्ठानों को दिया जा रहा है। जनपद में अब तक 75 प्रतिष्ठानों को हाईजीन रेटिंग दी जा चुकी है—-धर्मराज मिश्र, सहायक खाद्य आयुक्त द्वितीय।
यह भी पढ़ें- बरेली: इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक ग्राहकों को जारी कर रहा वर्चुअल डेबिट कार्ड
