रुद्रपुर: अग्निपथ के विरोध में कलक्ट्रेट में गरजे किसान और मजदूर, पुलिस से नोकझोंक

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रुद्रपुर, अमृत विचार। सेना में भर्ती के लिए लाई गई केंद्र सरकार की अग्निपथ योजना के विरोध में अब किसान और मजदूर भी उतर आए हैं। संयुक्त किसान मोर्चा के बैनर तले आज कलेक्ट्रेट में किसानों और इंटरार्क कंपनी के श्रमिकों ने मोदी सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए विरोध दर्ज कराया। नारेबाजी के …

रुद्रपुर, अमृत विचार। सेना में भर्ती के लिए लाई गई केंद्र सरकार की अग्निपथ योजना के विरोध में अब किसान और मजदूर भी उतर आए हैं। संयुक्त किसान मोर्चा के बैनर तले आज कलेक्ट्रेट में किसानों और इंटरार्क कंपनी के श्रमिकों ने मोदी सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए विरोध दर्ज कराया। नारेबाजी के बीच प्रदर्शन कर रहे किसानों और मजदूरों को कलक्ट्रेट गेट पर पुलिस ने रोक दिया, इस दौरान तीखी नोकझोंक भी हुई। जिसके बाद राष्ट्रपति के नाम एसडीएम प्रत्यूष सिंह को ज्ञापन सौंपा।

पुलिस ने कलक्ट्रेट में जाने से रोका तो किसान और मजदूर सड़क पर ही बैठ गए।

किसानों ने आरोप लगाया कि अग्निपथ योजना के विरोध में डीएम को ज्ञापन सौंपने की तैयारी थी लेकिन पुलिस ने कलक्ट्रेट गेट पर ही रोक दिया। ऐसा कई बार हो चुका है जब पुलिस को आगे करके प्रदर्शनकारियों को उच्चाधिकारियों से मिलने से रोका गया है। प्रशासन पुलिस को आगे करके आवाज दबाने की कोशिश में जुटा है।

राष्ट्रपति के नाम सौंपे ज्ञापन में किसानों ने कहा कि नौजवानों के लिए मोदी सरकार ने अग्निपथ योजना लागू की है जो युवाओं के साथ-साथ देश हित में भी नहीं है। सरकार लगातार आम आदमी के हितों को प्रभावित कर रही है। अग्निपथ योजना का देश के कोने-कोने से विरोध किया जा रहा है। नौजवान 22 से 23 साल की उम्र में ही रिटायर होकर वापस आएगा तो उसके हाथ में इतना धन नहीं होगा कि कुछ कर सके ऐसे में उसका भविष्य अधर में रहेगा। ऐसे में केंद्र सरकार को अग्निपथ योजना को तत्काल वापस लेकर नियमित सेना भर्ती को बहाल करना चाहिए।

भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के प्रदेश अध्यक्ष करम सिंह पड्डा ने कहा कि चार साल की नौकरी में सेना में जाकर नौजवान क्या करेगा। यह प्रश्न बहुत ही चिंतनीय है। उपाध्यक्ष प्रेम सिंह सहोता ने कहा कि मजदूरों को लगातार फैक्ट्री से निकाला जा रहा है। किसान पहले से ही परेशान है। ऐसे में भारतीय किसान यूनियन की तरफ से इस अग्निपथ योजना और निजीकरण के खिलाफ प्रदर्शन कर आवाज बुलंद की जा रही है।

इस मौके पर इंटार्क मजदूर संगठन सिडकुल पंतनगर के अध्यक्ष दलजीत सिंह, सुखदीप सहोता, अमनदीप सिंह, बलविंदर सिंह ,हरप्रीत सिंह, मलूक सिंह, मेजर सिंह, जसवंत सिंह, जगजीत भुल्लर, सुखवीर भुल्लर, प्रेम सिंह सहोता, दीदार सिंह, अमन प्रीत सिंह, सुखदीप सिंह, बल्ली सिंह चीमा, सुब्रत विश्वास, बलजिंदर सिंह मान आदि मौजूद थे।

संबंधित समाचार