हल्द्वानी: गांधीनगर में पुलिस के सामने पथराव, उपद्रवियों ने तोड़े वाहन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। शनिवार रात गांधी नगर में दो पक्षों के बीच मामूली कहासुनी के बाद पथराव हो गया। पथराव पुलिस के सामने हुआ। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाने की कोशिश भी की, लेकिन दोनों गुट एक-दूसरे पर हमलावर हो गए। बात नहीं संभली तो मौके पर और पुलिस बल बुलाना पड़ा। जिसके बाद …

हल्द्वानी, अमृत विचार। शनिवार रात गांधी नगर में दो पक्षों के बीच मामूली कहासुनी के बाद पथराव हो गया। पथराव पुलिस के सामने हुआ। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाने की कोशिश भी की, लेकिन दोनों गुट एक-दूसरे पर हमलावर हो गए। बात नहीं संभली तो मौके पर और पुलिस बल बुलाना पड़ा। जिसके बाद पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को तितर-बितर किया। मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर किया है। तीनों के खिलाफ पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

पुलिस के अनुसार, बीती रात गांधीनगर वार्ड 27 के रहने वाले प्रशांत और मंजीत मोहल्ले की एक दुकान पर खड़े अपनी नौकरी को लेकर बात कर रहे थे। तभी दुकान पर इलाके में रहने वाला गोलू पहुंच गया। गोलू दोनों पर रौब झाड़ते हुए दुकान में खड़े होने की वजह पूछने लगा और कहने लगा कि यहां खड़े होकर नेतागिरी कर रहे हो। इसी बात पर विवाद शुरू हो गया। बात बढ़ी तो मौके पर और कई लोग पहुंच गए। जिसके बाद मारपीट हो गई। जानकारी पाकर दोनों पक्षों के परिवार, रिश्तेदार और कुछ दोस्त पहुंच गए।

जिसके बाद मामला हाथ से निकल गया। दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। डायल 112 पर सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई, लेकिन हालात काबू में नहीं आए। जिसके बाद बनभूलपुरा थाने से थानाध्यक्ष नीरज भाकुनी समेत पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। थानाध्यक्ष ने मौके पर झगड़ रहे लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं बनी। उल्टा लोगों ने ही पुलिस के सामने पथराव शुरू कर दिया। दोनों से चले पत्थर में इलाके में खड़े आधा दर्जन से ज्यादा वाहन छतिग्रस्त हो गए। जिसमें कुछ कारें भी शामिल हैं। मामला हाथ से निकलता देख पुलिस ने लाठी लेकर लोगों को दौड़ा दिया। जिसके बाद भीड़ को तितर-बितर किया जा सका और मौके से पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया।

इसमें गांधीनगर वार्ड 27 निवासी प्रशांत कुमार पुत्र स्व. मदन लाल, अनुराग कुमार पुत्र हरीश लाल और रवि कुमार पुत्र राजेश कुमार हैं। थानाध्यक्ष नीरज भाकुनी ने बताया कि इस मामले में दोनों में से एक पक्ष भी तहरीर देने के लिए आगे नहीं आया। जिसके बाद पुलिस ने अपनी ओर से आरोपियों के खिलाफ धारा 147, 149, 160, 336, 337, 427 के तहत रिपोर्ट दर्ज की है। जिसमें 15 से 20 अज्ञात लोग भी शामिल हैं। जिनकी शिनाख्त कराई जा रही है।

संबंधित समाचार