अयोध्या: जिले के 2156 स्थानों पर तीन जुलाई को जुटेंगे सास-बहू और बेटा, परिवार नियोजन के कार्यक्रमों पर होगी चर्चा
अयोध्या। सास-बेटा व बहू एक जगह जमा होकर परिवार नियोजन के कार्यक्रमों पर चर्चा करेंगे। खेल व प्रतियोगिता से उन्हें छोटे परिवार के फायदे बताए जाएंगे। स्वास्थ्य विभाग जिले भर में 2156 जगहों पर 3 जुलाई से सास-बेटा और बहू कार्यक्रम आयोजित कर रहा है। सीएमओ डॉ. अजय राजा ने बताया शहर में 50 कार्यक्रम …
अयोध्या। सास-बेटा व बहू एक जगह जमा होकर परिवार नियोजन के कार्यक्रमों पर चर्चा करेंगे। खेल व प्रतियोगिता से उन्हें छोटे परिवार के फायदे बताए जाएंगे। स्वास्थ्य विभाग जिले भर में 2156 जगहों पर 3 जुलाई से सास-बेटा और बहू कार्यक्रम आयोजित कर रहा है। सीएमओ डॉ. अजय राजा ने बताया शहर में 50 कार्यक्रम व शेष गांव में होंगे।
एएनएम की देखरेख में कार्यक्रम का आयोजन होगा। उन्होंने बताया कि प्राय: देखा गया है परिवार के निर्णयों में पुरुष की सहमति को सर्वोपरि समझा जाता है, इसलिए इस बात पर विशेष जोर है सम्मेलन में बेटे की भागीदारी तय हो। कार्यक्रम का उद्देश्य सास व बहू में समन्वय व संवाद से उनके अनुभव को साझा करवाना है। इससे प्रजनन स्वास्थ्य के प्रति बनी हुई अवधारणा, व्यवहार व विश्वास में बदलाव लाया जा सकेगा।
कार्यक्रम में परिवार नियोजन के अस्थायी व स्थायी साधन, प्रसव पश्चात के साधन, दो बच्चों के बीच अंतराल व सुरक्षित गर्भसमापन पश्चात परिवार नियोजन के साधन की जानकारी दी जानी है। सम्मेलन में गुब्बारे के खेल का आयोजन होगा। चार परिवार प्रतिभाग करेंगे। हर परिवार को अलग-अलग संख्या में क्रमश: एक, दो, तीन व पांच गुब्बारे दिए जाएंगे। खेल में छोटे परिवार के फायदे की जानकारी देंगे।
आदर्श दंपति बनेंगे नजीर
परिवार नियोजन कार्यक्रम को बढ़ावा देने के लिए आदर्श दंपति नजीर बनेंगे। ऐसे दंपति जिनके यहां विवाह के दो वर्ष बाद बच्चा पैदा हुआ हो, पहले व दूसरे बच्चे में कम से कम तीन साल का अंतर हो या दो बच्चे के बाद दंपति में से किसी एक ने नसबंदी करा ली हो। ऐसे दंपति को मुख्य रूप से आमंत्रित किया जाएगा। यह लोग अपना अनुभव साझा करेंगे।
यह भी पढ़ें:-मुरादाबाद : सास, बेटा-बहू सम्मेलन जगाएंगे परिवार नियोजन की अलख
