संभल: ससुराल में बेटी का शव देखकर मायके वालों ने किया हंगामा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

संभल/चन्दौसी, अमृत विचार। मोहल्ला मुंसिफ रोड पर दहेज के लिए हत्या का मामला सामने आया है। मायके वालों ने बेटी का शव ससुराल में देखकर हंगामा किया। विवाहिता के पिता ने पति समेत सात लोगों के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने छह आरोपियों को हिरासत में लेकर कानूनी कार्रवाई कर जेल …

संभल/चन्दौसी, अमृत विचार। मोहल्ला मुंसिफ रोड पर दहेज के लिए हत्या का मामला सामने आया है। मायके वालों ने बेटी का शव ससुराल में देखकर हंगामा किया। विवाहिता के पिता ने पति समेत सात लोगों के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने छह आरोपियों को हिरासत में लेकर कानूनी कार्रवाई कर जेल भेजा। पुलिस ने पंचनामा भर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

कोतवाली के मोहल्ला लोधियान निवासी चंद्रपाल सिंह ने बताया कि उसने अपनी पुत्री शैली राठौर की शादी 22 फरवरी 2020 को मुंसिफ रोड निवासी कुमार राहुल पुत्र अरुण कुमार से की थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही शैली का पति कुमार राहुल, ससुर अरुण कुमार, चचिया ससुर प्रदीप कुमार,सास निशा, चचिया सास सुषमा, देवर रोनित कुमार शैली को दहेज के लिए परेशान करते थे। दहेज में चार पहिया गाड़ी खरीदने के लिए दस लाख रुपये की मांग करते थे।

करीब एक महीना पूर्व कुमार राहुल, अरुण कुमार, प्रदीप कुमार, हरेंद्र सिंह, सुषमा, निशा, रोनित शैली को मारपीट कर घर से निकाल दिया और कहा कि दस लाख रुपये अगर अपने मायके से लेकर नहीं आई तो जान से मार देंगे। शैली किसी तरह मायके पहुंची और सारी बात परिजनों को बताई। शैली के पिता, मायके वालो व रिश्तेदारों ने शैली के ससुराल वालों को काफी समझाया, पर वो नहीं माने।

तब शैली के पिता ने 20 जून को दो लाख रुपये ससुराल वालों को देकर शैली को ससुराल भेज दिया। इसके बाद शैली का पति कुमार राहुल उसे अपने साथ लखनऊ ले गया। कुमार राहुल लखनऊ में नौकरी करता है। शैली के पिता चंद्रपाल ने बताया कि 27 जून की रात नौ बजे शैली के ससुराल वालों ने फोन किया कि शैली की तबियत खराब है। जब मायके वाले मुंसिफ रोड स्थित पुत्री के ससुराल पहुंचे तो बताया गया कि शैली रात ढाई बजे तक यहां पहुंचेगी। शैली के ससुराल वालों ने यह भी नहीं बताया कि वह छह माह की गर्भवती थी।

चंद्रपाल सुबह छह बजे अपने परिजनों व रिश्तेदारों के साथ पुत्री के ससुराल पहुंचे तो वहां शैली का शव रखा हुआ था। शैली के चेहरे पर चोटों के निशान थे। मायके वालों ने पुत्री को मारने का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया, जिससे वहां आस-पास के लोगों की काफी भीड़ लग गई।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। ससुराल वालों ने दस लाख रुपये के लालच में आकर शैली की हत्या कर दी। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। प्रभारी निरीक्षक मुकेश कुमार सिंह ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर छह लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

ये भी पढ़ें:- जर्मनी : हत्या में मदद के मामले में 101 साल के व्यक्ति को सुनाई पांच साल कैद की सजा

संबंधित समाचार