लखनऊ : मंत्री आवास के बाहर सुरक्षा गार्डों ने सिपाहियों को पीटा, फाड़ी वर्दी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ। पीजीआई क्षेत्र में देर रात मंत्री आवास से निकले युवकों और सुरक्षा गार्डों ने सिपाही की वर्दी फाड़ते हुए उसकी पिटाई कर दी। जिसके बाद सिपाही ने पीजीआई कोतवाली में तहरीर देते हुए आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। दरअसल, सोमवार की देर रात सिपाही रितेश कुमार अपने साथी अतुल कुमार के साथ …

लखनऊ। पीजीआई क्षेत्र में देर रात मंत्री आवास से निकले युवकों और सुरक्षा गार्डों ने सिपाही की वर्दी फाड़ते हुए उसकी पिटाई कर दी। जिसके बाद सिपाही ने पीजीआई कोतवाली में तहरीर देते हुए आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।

दरअसल, सोमवार की देर रात सिपाही रितेश कुमार अपने साथी अतुल कुमार के साथ वृंदावन योजना सेक्टर-7 में रायबरेली रोड से कालिंदी पार्क की ओर जा रहा था। इसी दौरान एक स्कूटी सवार ने सिपाहियों की बाइक पर टक्कर मार दी। जिससे सिपाहियों की बाइक अनियंत्रित हो गई और वह सड़क पर गिर पड़े।

इसके बाद स्कूटी सवार वहां से भाग निकला और कॉलोनी में बने एक घर में घुस गया। इस पर सिपाहियों ने उसका पीछा किया और घर के बाहर खड़े होकर वह आवाज देने लगे। सिपाहियों ने बताया कि उनकी आवाज सुनकर घर दो-तीन महिलाएं और सुरक्षा गार्ड बाहर निकले और उनसे बदसलूकी करने लगे।

सिपाहियों का आरोप है कि सुरक्षा गार्ड उनकी वर्दी उतरवा देने की धमकी देने लगे। इस पर सिपाहियों ने विरोध किया तो उन सभी ने लाठी-डंडे व लात घूंसे से उनकी पिटाई कर दी। आरोप है कि सुरक्षा गार्ड और महिलाओं ने सिपाहियों की वर्दी भी फाड़ दी। कॉलोनीवासियों के हस्ताक्षेप करने के बाद मामला शांत हुआ।

इस दौरान मुख्य आरोपी की पहचान राजेंद्र यादव के रुप में हुई। सिपाही रितेश कुमार की तहरीर पर पुलिस ने राजेंद्र यादव समेत एक अज्ञात महिला व पुरूष के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

इस सम्बन्ध में पीजीआई थाना प्रभारी धर्मपाल सिंह ने बताया कि सिपाही के अनुसार जिस घर के सामने यह घटना हुई, उसके बाहर मंत्री आवास का बोर्ड लगा हुआ था। आरोपी युवक भी खुद को एक राजनैतिक पार्टी का नेता बता रहा था। पीड़ित सिपाहियों के बयान पर मामला दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज खंगालने का प्रयास किया जा रहा है। आरोपियों की गिरफ्तारी की कोशिश की जा रही है।

यह भी पढ़ें-  बरेली: सिपाही से मारपीट की जांच करने जंक्शन पहुंचे सीओ जीआरपी

संबंधित समाचार