अमरोहा: जंगल से घास लेने गई महिला पर जंगली कुत्तों ने किया हमला, मौत
अमरोहा/हसनपुर, अमृत विचार। कोतवाली क्षेत्र में बुधवार को गांव की महिलाओं के साथ जंगल से घास काटने गई महिला पर जंगली कुत्तों ने हमला कर नोंच नोंच कर मार डाला। अन्य महिलाओं ने आम के पेड़ पर चढ़कर अपनी जान बचाई। महिला की मौत की सूचना मिलते ही ग्रामीण हाथों में लाठियां लेकर उस और …
अमरोहा/हसनपुर, अमृत विचार। कोतवाली क्षेत्र में बुधवार को गांव की महिलाओं के साथ जंगल से घास काटने गई महिला पर जंगली कुत्तों ने हमला कर नोंच नोंच कर मार डाला। अन्य महिलाओं ने आम के पेड़ पर चढ़कर अपनी जान बचाई। महिला की मौत की सूचना मिलते ही ग्रामीण हाथों में लाठियां लेकर उस और दौड़ पड़े। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। ग्रामीणों ने जंगली कुत्तों को पकड़वाए जाने की मांग को लेकर हसनपुर-गजरौला मार्ग को जाम कर दिया।
हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव दीपपुर निवासी अतवीर की 40 वर्षीय पत्नी राजवती गांव की चार महिलाओं सोनम,ममता, विमला तथा प्रवेश के साथ बुधवार को पशुओं के लिए जंगल से घास काटने गई थी। घास काटने के दौरान अन्य महिलाएं घास पलटने के लिए कुछ दूरी पर चली गई। इस दौरान घास काटते समय राजवती पर अचानक 15 से अधिक जंगली कुत्तों ने हमला बोल दिया।
जंगली कुत्ते महिला को तब तक नोंचते रहे जब तक महिला की मौत न हो गई। घास वापस पलटने के बाद महिलाएं जब वहां पहुंची देखा कि महिला मृत पड़ी थी। इस पर महिलाएं सहम गई और बाग में आम के पेड़ पर चढ़ गई। जंगली कुत्तों के जाने के बाद महिलाओं ने इसकी जानकारी गांव में दी। जानकारी मिलते ही ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर उस ओर दौड़े, लेकिन तब तक जंगली कुत्ते वहां से जा चुके थे। घटना की सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार त्यागी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए।
ग्रामीणों ने जंगली कुत्तों को पकड़वाएं जाने की मांग को लेकर दीपपुर गेट के निकट हसनपुर-गजरौला मार्ग को जाम कर दिया। काफी दूर तक वाहनों की लंबी लाइन लग गई। सूचना मिलते ही पुलिस क्षेत्राधिकारी सतीश चंद्र पांडे,एसडीएम सुधीर कुमार मौके पर पहुंच गए। लेकिन ग्रामीणों ने अधिकारियों की एक नहीं सुनी। कुछ देर वाद एसडीम के समझाने पर ग्रामीण माने और जाम खोल दिया।
विधायक महेंद्र सिंह खड़गवंशी भी सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से वार्ता कर उसे सांत्वना दी और कहा कि हर संभव मदद की जाएगी। इसी के साथ उन्होंने वन विभाग की टीम को सख्त निर्देश देते हुए कहा है कि हसनपुर तहसील क्षेत्र में जंगली कुत्तों को तुरंत पकड़े, नहीं तो उनके खिलाफ वह शासन को लिखेंगे। एसडीएम सुधीर कुमार ने बताया कि ग्रामीणों की मांग थी, कि जंगली कुत्तों को पकड़वाया जाए, वन विभाग की टीम को मौके पर भेजा गया है। जल्द ही कुत्तों को पकड़ लिया जाएगा।
विधायक महेंद्र सिंह खड़गवंशी ने कहा कि एसडीएम व वन विभाग की टीम को निर्देशित कर दिया गया कि तुरंत तहसील क्षेत्र में जंगली कुत्तों को पकड़वाये। अगर वन विभाग द्वारा इस में लापरवाही की गई तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ शासन को अवगत कराएंगे।
ये भी पढ़ें:- उद्धव ने 52 विधायकों और सरकारी आवास छोड़ा, लेकिन राकांपा प्रमुख को नहीं छोड़ा : गुलाबराव
