बरेली: ड्राइविंग लाइसेंस बनवाना है तो पहले लैपटॉप या कंप्यूटर खरीदें
बरेली, अमृत विचार। शासन की तरफ से लर्निंग लाइसेंस बनवाने की प्रकिया को जटिल कर दिया गया है। ऐसे में आम आदमी की पहुंच से लर्निंग लाइसेंस पूरी तरह से दूर हो गया है। अब नए नियम के तहत ऑनलाइन प्रणाली के तहत ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के लिए कैमरा युक्त लैपटाॅप या कंप्यूटर होना अनिवार्य है। ऐसे …
बरेली, अमृत विचार। शासन की तरफ से लर्निंग लाइसेंस बनवाने की प्रकिया को जटिल कर दिया गया है। ऐसे में आम आदमी की पहुंच से लर्निंग लाइसेंस पूरी तरह से दूर हो गया है। अब नए नियम के तहत ऑनलाइन प्रणाली के तहत ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के लिए कैमरा युक्त लैपटाॅप या कंप्यूटर होना अनिवार्य है। ऐसे में ग्रामीण इलाके में रहने वाले लोगों को लाइसेंस बनवाने में सबसे अधिक परेशानी हो रही है। वहीं एक दिन में सिर्फ तीन लोगों के लिए ही ऑफलाइन लाइसेंस बनवाने की प्रकिया की गई है। उसमें से भी सभी वीआईपी कोटे में बन जाते हैं।
लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के लिए आवेदकों को बिचौलियों के चंगुल में फंसने से बचाने के लिए शासन ने 1 जून से नई व्यवस्था लागू की है। इसके तहत अब लर्निंग लाइसेंस के लिए आवेदक घर से ही आवेदन कर ऑनलाइन होने वाली परीक्षा में शामिल हो सकता है। इस परीक्षा को पास करने वाले अभ्यर्थी का लाइसेंस बनकर तैयार हो जाता है, लेकिन राहत दिलाने के लिए लागू हुई यह सुविधा आवेदकों के लिए परेशानी का सबब बन गई है।
ऑनलाइन परीक्षा के दौरान कंप्यूटर में लगे कैमरे में किसी भी तरह का शोर रिकार्ड हो जाने पर सिस्टम में आवेदक का आवेदन निरस्त हो जाने की समस्या सभी की परेशानी बढ़ा रही है। इससे आवेदकों को दोबारा आवेदन करने व फीस जमा करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। सबसे अधिक ग्रामीण इलाके में रहने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ऑनलाइन लाइसेंस बनवाने के लिए आवेदक के पास कैमरा युक्त लैपटाॅप या कंप्यूटर का होना अनिवार्य है। ग्रामीण इलाकों में रहने वाले लोगों के पास कंप्यूटर या लैपटाॅप नहीं है। ऐसे में कंप्यूटर सेंटर व जनसेवा केंद्रों के पास जब आवेदक ऑनलाइन परीक्षा दे रहा होता है तो इस दौरान कंप्यूटर में लगे कैमरे में होने वाली अनावश्यक आवाज व शोर भी रिकार्ड हो जाने से सिस्टम द्वारा आवेदन निरस्त कर दिया जाता है। इसके बाद अभ्यर्थियों को फिर से नए सिरे से आवेदन की पूरी प्रक्रिया को दोहराते हुए पुन: 300 रुपये का शुल्क भी जमा करना पड़ रहा है।
इस तरह होगा आवेदन
– 18 साल की उम्र पार कर चुके आवेदक सारथी पोर्टल पर आवेदन कर सकेंगे
– आधार नंबर और आधार पर दर्ज नाम, पिता या माता का नाम और पता दर्ज करेंगे
– दस्तावेज स्कैन करके फीस जमा करनी होगी, फिर ट्यूटोरियल पर प्रक्रिया पूरी करनी होगी
– मोबाइल नंबर पर टेस्ट देने के लिए पासवर्ड आएगा, पास होने पर लिंक के जरिए डीएल प्रिंट कर सकेंगे
नई प्रक्रिया के तहत लर्निंग लाइसेंस बनवाने के लिए आवेदक के पास कैमरा युक्त कंप्यूटर या फिर लैपटाॅप होना जरूरी है। वहीं अगर टेस्ट देते समय किसी अन्य की आवाज या तस्वीर आ रही है तो उसके आवेदन को निरस्त कर दिया जा रहा है।-एमपी सिंह, आरआई
ये भी पढ़ें- बरेली: पीपीपी मोड पर नहीं संचालित हो सका कैंट जनरल अस्पताल
