पीलीभीत: आक्रोश बरकरार, अब हिंदू जागरण मंच ने भरी हुंकार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, पीलीभीत। उदयपुर कांड के बाद हिंदू संगठनों में पनपा आक्रोश बरकरार है। एक दिन पूर्व विहिप, बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने सड़क पर उतरकर इस्लामिक जिहाद का पुतला फूंकते हुए प्रदर्शन किया था। वहीं, अब हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं ने भी हुंकार भरी है। भारी संख्या में तय कार्यक्रम के तहत कलेक्ट्रेट …

अमृत विचार, पीलीभीत। उदयपुर कांड के बाद हिंदू संगठनों में पनपा आक्रोश बरकरार है। एक दिन पूर्व विहिप, बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने सड़क पर उतरकर इस्लामिक जिहाद का पुतला फूंकते हुए प्रदर्शन किया था। वहीं, अब हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं ने भी हुंकार भरी है। भारी संख्या में तय कार्यक्रम के तहत कलेक्ट्रेट पहुंचे कार्यकर्ताओं ने घटना पर रोष जताते हुए राष्ट्रपति को संबोधित पांच सूत्रीय ज्ञापन एडीएम वित्त एवं राजस्व राम सिंह गौतम को सौंपा। जिसमें हत्यारों पर कड़ी कार्रवाई और मृतक कन्हैयालाल के परिवार को 50 लाख रुपये मुआवजा और दो सदस्यों को नौकरी देने की मांग की गई।

हिंदू जागरण मंच की ओर से पूर्व में ही ज्ञापन दिए जाने का ऐलान कर दिया गया था। गुरुवार सुबह कार्यकर्ता जिलाध्यक्ष पंकज शर्मा की अगुवाई में जमा हुए। उसके बाद उदयपुर कांड की निंदा की। एकजुट होकर कलेक्ट्रेट पहुंचे और एडीएम को ज्ञापन सौंपा। जिसमें बताया कि राजस्थान के उदयपुर शहर में एक हिंदू युवक कन्हैया लाल की दिनदहाड़े आतंकवादियों द्वारा गला काटकर नृशंस हत्या कर दी गई, जोकि राज्य की कानून व्यवस्था को खुली चुनौती है। ऐसे में हत्यारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

कहा कि राजस्थान में जब से कांग्रेस सरकार बनी है तभी से लगातार हिंदुओं पर हमले हो रहे हैं। ऐसा लगता है कि हिंदुओं पर हमला करने वाले एक संप्रदाय विशेष के लोगों को राजस्थान सरकार और प्रशासन का संरक्षण है। राजस्थान सरकार को बर्खास्त करने की मांग की। सवाल उठाते हुए कहा कि इस घटना में हत्यारोपी खुलेआम धार्मिक नारे लगा रहे और प्रधानमंत्री की हत्या करने की धमकी दे रहे हैं, जोकि बहुत गंभीर है। मांग की गई कि हत्यारों के पीछे कौन सी ताकत हैं, उनका पर्दाफाश होना चाहिए। घटना की सीबीआई या फिर अन्य किसी केंद्रीय एजेंसी से जांच कराई जाए। कहा कि इस प्रकार की घटनाओं को अगर भविष्य में होने से नहीं रोका गया तो हिंदू समाज को भी अपनी रक्षा के लिए स्वयं सड़कों पर उतरने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।

ये भी पढ़ें- बरेली: अब अपनी रक्षा के लिए सड़कों पर उतरेगा हिंदू समाज, प्रदर्शन कर जताया आक्रोश

संबंधित समाचार