काशीपुर: कन्याओं के उत्साहवर्धन के लिए और उन्हें आगे बढ़ाने के लिए प्रोत्साहन जरूरी – धामी
काशीपुर, अमृत विचार। काशीपुर में आज रोटरी क्लब द्वारा जरूरतमंद छात्राओं को निःशुल्क साइकिल वितरण कार्यक्रम कन्याश्री का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रुप में प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शिरकत की। आपको बताते चलें कि प्रत्येक वर्ष एक जुलाई के दिन से रोटरी क्लब से नए सत्र की शुरुआत …
काशीपुर, अमृत विचार। काशीपुर में आज रोटरी क्लब द्वारा जरूरतमंद छात्राओं को निःशुल्क साइकिल वितरण कार्यक्रम कन्याश्री का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रुप में प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शिरकत की।
आपको बताते चलें कि प्रत्येक वर्ष एक जुलाई के दिन से रोटरी क्लब से नए सत्र की शुरुआत की जाती है। इस वर्ष के नए सत्र की शुरुआत आज से की गई। जिसमें रोटरी क्लब काशीपुर के नए डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में पवन अग्रवाल को अगले 1 वर्ष के लिए डिस्ट्रिक्ट गवर्नर चुना गया। रोटरी क्लब के इस वर्ष के सत्र को कन्याश्री योजना का नाम दिया गया है।
कन्याश्री योजना के तहत रोटरी क्लब द्वारा पूरे रोटरी मंडल भर में 2100 साइकिलो का जरूरतमंद छात्राओं को निःशुल्क वितरण किया गया। काशीपुर में इस योजना के तहत 200 निर्धन छात्राओं को निःशुल्क साइकिल वितरण की गई। मंच से अपने संबोधन के दौरान प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि रोटरी क्लब ने हमेशा समाज के उत्थान के लिए प्रयास किया है और आगे भी सरकार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलेंगे यही उम्मीद करता हूं। कहा कि उत्तराखंड सरकार ने समान नागरिक संहिता के लिए पहल की है। सरकार ने संकल्प रखा था कि सबसे पहले इसका निर्णय लेने के लिये कमेटी का गठन कर सेवानिवृत्त जज रंजना प्रकाश देसाई के नेतृत्व में पांच सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया। कमेटी जनता के साथ संवाद करेगी इसके बाद ड्राफ्ट बनाएगी। जिसे प्रदेश में लागू किया जाएगा।
वहीं इस दौरान उन्होंने प्रदेश में पर्वतमाला योजना के तहत प्रदेश के 35 से अधिक तीर्थ और धार्मिक स्थानों पर रोपवे का निर्माण किए जाने के बारे में भी बताया। उन्होंने कहा कि इस बार चार धाम यात्रा में 26 लाख लोग आ चुके हैं यात्रा ने नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। वहीं कहा कि आने वाली कावड़ यात्रा में चार करोड़ से ज्यादा श्रद्धालु पहुंचेंगे। जिनका प्रदेश सरकार स्वागत करेगी। इस मौके पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि आज का कार्यक्रम बहुत ही अद्भुत कार्यक्रम था जिसमें हमारी कन्याओं के उत्साहवर्धन के लिए तथा उन्हें आगे बढ़ाने के लिए आज बेटियों का पूजन कर उन्हें निःशुल्क साइकिल दी गई। उन्होंने कहा कि यह मातृ शक्ति के द्वारा बनाया गया प्रदेश है मातृशक्ति की यहां बहुत बड़ी भूमिका है मातृशक्ति के लिए इस तरह के कार्यक्रम एक बहुत बड़ी प्रेरणा है और हमारी सरकार भी मातृशक्ति के उत्थान के लिए संकल्परत है। मातृशक्ति से संबंधित कार्यक्रम तथा नए प्रोजेक्ट को आगे बढ़ाने के लिए चाहे वह स्वयं सहायता समूह हो चाहे समूह हो, सभी को आगे बढ़ाने के लिए नई योजनाओं को भी क्रियान्वित किया जाएगा।
बाइट- पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री, उत्तराखंड सरकार
