लालकुआं: आशियाना उजड़ने का खतरा आया तो घेर लिया विधायक का घर
लालकुआं, अमृत विचार। रेल प्रबंधन द्वारा नगीना कॉलोनी को उजाड़ने का नोटिस चस्पा करने के बाद आक्रोशित कॉलोनीवासियों ने विधायक डॉ. मोहन बिष्ट के आवास पर धरना दिया। विधायक ने आक्रोशित लोगों से कहा है कि वह रेल अधिकारियों से वार्ता कर उनकी मदद करेंगे। बता दें कि रेल प्रशासन ने नगीना कॉलोनी को उजाड़ने …
लालकुआं, अमृत विचार। रेल प्रबंधन द्वारा नगीना कॉलोनी को उजाड़ने का नोटिस चस्पा करने के बाद आक्रोशित कॉलोनीवासियों ने विधायक डॉ. मोहन बिष्ट के आवास पर धरना दिया। विधायक ने आक्रोशित लोगों से कहा है कि वह रेल अधिकारियों से वार्ता कर उनकी मदद करेंगे।

बता दें कि रेल प्रशासन ने नगीना कॉलोनी को उजाड़ने के लिए 15 दिन का नोटिस चस्पा किया था। इसके बाद कॉलोनीवासी शुक्रवार की सुबह क्षेत्रीय विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट के घर पहुंचे और विधायक आवास पर धरना शुरू कर दिया। कॉलोनीवासियों का कहना था कि जब तक रेल विभाग नगीना कॉलोनी को उजाड़ने का निर्णय वापस नहीं लेता तब तक वह अपना आंदोलन जारी रखेंगे। कॉलोनीवासियों ने कहा कि 40 वर्षों से अधिक समय से वह लोग नगीना कॉलोनी में रह रहे हैं। इस कॉलोनी के अलावा उनके पास कहीं भी रहने का ठिकाना नहीं है। ऐसे में वह कहां जाएंगे।
दरअसल, नगीना कॉलोनी में अधिकांश लोग मजदूर तबके के है। जिस समय रेलवे ने नोटिस चस्पा किया उस दौरान अधिकांश पति-पत्नी मजदूरी में गए थे, जो कि शाम को घर पहुंचे तो उन्हें रेलवे की कार्रवाई का पता चला। कॉलोनीवासियों का कहना है कि जब तक रेल प्रबंधन उनकी कॉलोनी को उजाड़ने का निर्णय वापस नहीं ले लेता तब तक वह लोग अपना आंदोलन जारी रखेंगे।
इस दौरान विधायक डॉ. मोहन बिष्ट ने उनके आवास में पहुंचे कॉलोनीवासियों से कहा कि वह मंडल रेल प्रबंधक समेत रेल विभाग के तमाम वरिष्ठ अधिकारियों एवं केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट से वार्ता कर नगीना कॉलोनी क्षेत्र में कम से कम नुकसान करने की मांग करेंगे। लगभग 2 घंटे तक विधायक आवास में धरना प्रदर्शन करने के पश्चात कॉलोनी वासी लौट आए।
