मुरादाबाद : अपनों से रूठा तो आठ महीने होटल में साफ करने पड़े बर्तन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद,अमृत विचार। मां-बाप की डांट पर अमूमन आग बबूला हो जाने वाले बच्चे घर छोड़ने तक में तनिक भी गुरेज नहीं करते। ऐसी बचकानी हरकत का खामियाजा चाहें उन्हें जिस रूप में उठाना पड़े। ऐसे ही नादानी करने वाले एक किशोर की जिंदगी पर अपनों से नाराजगी भारी पड़ गई। उसे आठ माह तक एक …

मुरादाबाद,अमृत विचार। मां-बाप की डांट पर अमूमन आग बबूला हो जाने वाले बच्चे घर छोड़ने तक में तनिक भी गुरेज नहीं करते। ऐसी बचकानी हरकत का खामियाजा चाहें उन्हें जिस रूप में उठाना पड़े। ऐसे ही नादानी करने वाले एक किशोर की जिंदगी पर अपनों से नाराजगी भारी पड़ गई। उसे आठ माह तक एक होटल में जूठे बर्तन साफ करने पड़े। होटल से महज 30 किमी दूर स्थित घर पर वह चाहते हुए भी वापस नहीं लौटा। अंतत: मासूम उम्मीदों की आखिरी किरण डिलारी पुलिस बनी। शुक्रवार को लापता बच्चे को दोबारा पाकर मां-बाप निहाल हो उठे।

डिलारी थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि पांच अक्टूबर 2021 को गक्खरपुर निवासी जगदीश
सिंह ने तहरीर दी। बताया कि उनका 15 वर्षीय पुत्र दानवीर रहस्यमय हालात में लापता है। उन्होंने नाबालिग बेटे के अपहरण तक की आशंका जताई।

पिता की डांट से क्षुब्ध होकर छोड़ दिया घर
मामले में अभियोग पंजीकृत करते हुए पुलिस किशोर की तलाश में जुटी। छानबीन में पता चला कि पिता की डांट से क्षुब्ध होकर नाबालिग पुत्र ने घर छोड़ा है। पशुओं को चारा डालने में हीलाहवाली करने पर पिता ने पुत्र को डांट लगाई थी। उसे डांट नागवार गुजरी। उसने परिजनों को चकमा देते हुए घर छोड़ दिया। बहरहाल, पुलिस के सामने मूल सवाल यह था कि नाबालिग कहां गया? वक्त बीतने के साथ ही परिजन ही नहीं पुलिस भी अनहोनी की आशंका से हलकान रही। नाबालिग की तलाश में दर-दर भटक रहे दारोगा मोहित कुमार काजला को शुक्रवार को अचानक मुरादाबाद-नूरपुर हाईवे स्थित एक ढाबे पर दानवीर की लोकेशन मिली। कुछ ही देर में वह दलबल के साथ मौके पर पहुंच गए। होटल से दानवीर सकुशल बरामद कर लिया गया।

जीवन यापन के बदले होटल के जूठे बर्तन धुलने पड़े
होटल मालिक ने बताया कि आठ माह पहले नाबालिग सड़क पर भटकता मिला। ऐसे में होटल मालिक ने किशोर को अपने पास रख लिया। वहां जीवन यापन के बदले दानवीर को होटल के जूठे बर्तन धुलने पड़े। किशोर को साथ लेकर डिलारी पुलिस उसके घर पहुंची। वहां मां-बाप ने बच्चे को गले लगाते हुए पुलिस कर्मियों के प्रति आभार जताया।

ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : अब मेडिकल स्टोर पर नहीं बिकेगा ‘गुड हेल्थ कैप्सूल’, जानिए क्यों?

 

संबंधित समाचार