पीलीभीत: ग्रामीण के पेट में लात मारने से मौत, आरोपी गिरफ्तार
बीसलपुर, अमृत विचार। मामूली कहासुनी में एक ग्रामीण के पेट में लात मार दी गई। जिसमें उसकी बरेली ले जाते वक्त मौत हो गई। पुलिस ने परिजन से मिली सूचना पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपी की गिरफ्तारी कर ली गई है। दियोरिया कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पैनिया हिम्मत निवासी पीतमलाल …
बीसलपुर, अमृत विचार। मामूली कहासुनी में एक ग्रामीण के पेट में लात मार दी गई। जिसमें उसकी बरेली ले जाते वक्त मौत हो गई। पुलिस ने परिजन से मिली सूचना पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपी की गिरफ्तारी कर ली गई है।
दियोरिया कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पैनिया हिम्मत निवासी पीतमलाल का 40 वर्षीय पुत्र विनोद कुमार 30 जून को दो बजे साइकिल से अपने खेत पर गया था। खेत से वापस आते वक्त विनोद ने अपने भाई नरेश कुमार के शौचालय के पास साइकिल खड़ी कर दी और घर पर खाना खाने चला गया। कुछ देर बाद वापस आने पर साइकिल नदारद थी। इस पर विनोद ने साइकिल की तलाश शुरू कर दी।
इसी बीच गांव का ओमप्रकाश उर्फ पप्पू मौके पर आया और भिड़ गया। उसने विनोद के पेट में लात मारकर गिरा दिया। युवक बेहोश हो गया। पीड़ित के भाई ओमकार ने यूपी 112 को फोन पर सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जानकारी की। घायल को एंबुलेंस से सीएचसी बरखेड़ा भिजवाया गया। हालत में सुधार न होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
मगर, वहां भी इलाज के बाद हालत ठीक नहीं हुई तो उसे बरेली ले जाया जा रहा था कि रास्ते में ही मौत हो गई। इधर, मृतक के भाई नरेश कुमार ने पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में सीओ प्रशांत कुमार पुलिस बल के साथ पहुंच गए। जानकारी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की और फिर दरोगा संजीव कुमार ने दबिश देकर आरोपी ओमप्रकाश को गिरफ्तार कर लिया। उधर, परिवार में चीख पुकार मची रही। मृतक के तीन बेटे व एक बेटी है।
यह भी पढ़ें-पीलीभीत: विवेचनाओं के निस्तारण में पुलिस फिसड्डी, एडीजी की समीक्षा पर खुलीं खामियां
