शाहजहांपुर: शादी समारोह के दौरान फटा गैस सिलेंडर, पूर्व प्रधान समेत चार की मौत
शाहजहांपुर/ कलान, अमृत विचार। मेहमानों के लिए खाना बनाते समय गैस सिलेंडर लीक होने से गैस सिलेंडर में आग लग गई। आग पर लोग काबू पाते कि इससे पहले गैस सिलेंडर जोरदार धमाके के साथ फट गया, जिससे पूर्व प्रधान समेत तीन महिलाओं की मौके पर मौत हो गई, जबकि झुलसी किशोरी ने इलाज को …
शाहजहांपुर/ कलान, अमृत विचार। मेहमानों के लिए खाना बनाते समय गैस सिलेंडर लीक होने से गैस सिलेंडर में आग लग गई। आग पर लोग काबू पाते कि इससे पहले गैस सिलेंडर जोरदार धमाके के साथ फट गया, जिससे पूर्व प्रधान समेत तीन महिलाओं की मौके पर मौत हो गई, जबकि झुलसी किशोरी ने इलाज को ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।
एक युवक और एक महिला गंभीर हालत में भर्ती कराया गया है। यह हादसा शनिवार की शाम करीब पांच बजे हुआ। पुलिस ने शवों को अपने कब्जे में ले लिया है। घटना के बाद गांव में मातमी सन्नाटा पसरा है।
कलान थाना क्षेत्र के गांव विक्रमपुर में ग्राम प्रधान गुड्डी देवी की बेटी की शादी तीन जुलाई को है। बारात में शामिल होने के लिए घर पर रिश्तेदार आए हुए थे। मेहमानों के लिए शनिवार शाम लगभग चार बजे घर में महिलाएं खाना बना रहीं थीं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक खाना बनाते समय गैस सिलेंडर में अचानक आग लग गई। आग की लपटें जोर-जोर उठने लगीं, मौजूद महिलाओं ने आग बुझाने के प्रयास किए घर के अन्य लोग भी आवाज सुनकर आग बुझाने के लिए दौड़े, लेकिन आग बेकाबू हो गई। जोरदार धमाके के साथ सिलेंडर फट गया।
इसकी चपेट में आने से पूर्व प्रधान 60 वर्षीय मुन्नी देवी निवासी विक्रमपुर, 30 वर्षीय नीलम पत्नी आदेश कुमार निवासी गुन्नौर संभल, 70 वर्षीय गंगा देवी निवासी फतेहपुर थाना अल्लाहगंज की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 17 वर्षीय वंदना ने इलाज के लिए ले जाते समय दम तोड़ दिया।
आलोक यादव और मनोरमा यादव गंभीर रूप से झुलस गईं। धमाके की आवाज सुनकर परिवार में भगदड़ मच गई। चीख-पुकार के साथ शोर शराबा हुआ तो गांव के लोग भी आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे। मौके पर जाकर देखा तो तीन लाशें क्षत-विक्षत पड़ी हुई थी।
खून बह रहा था आग से शरीर झुलस गया था। घटना की सूचना पर कार्यवाहक थाना प्रभारी अनवार अहमद खान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने आनन-फानन में झुलसे लोगों को अस्पताल भेज दिया है।
जबकि मृतक महिलाओं के शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर ले लिया है। घटना से गांव में मातम छाया हुआ है। चारों ओर चीख-पुकार मची हुई है।
गैस सिलेंडर फटने से किशोरी समेत चार महिलाओं की मौत हो गई है। शवों को पंचनामा भरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। शादी समारोह से पहले अत्यंत दुखद घटना हुई है। मामले में अभी तक कोई तहरीर नहीं दी गई है—
मस्सा सिंह, सीओ।
