गोंडा: मध्यनगर गांव में चोरी की वारदात, 2.50 लाख रुपये के जेवर व नकदी ले उड़े चोर
गोंडा/मेहनौन। इटियाथोक थाना क्षेत्र के मध्यनगर गांव में शनिवार की आधी रात एक घर में घुसे चोरों ने 2.50 लाख रुपये के जेवर व नकदी पार कर दिया। परिवार के लोगों को सुबह वारदात की जानकारी हुई। घर से कुछ दूरी पर स्थित एक गन्ने के खेत के बगल चोरी गई संदूक टूटी हालत में …
गोंडा/मेहनौन। इटियाथोक थाना क्षेत्र के मध्यनगर गांव में शनिवार की आधी रात एक घर में घुसे चोरों ने 2.50 लाख रुपये के जेवर व नकदी पार कर दिया। परिवार के लोगों को सुबह वारदात की जानकारी हुई। घर से कुछ दूरी पर स्थित एक गन्ने के खेत के बगल चोरी गई संदूक टूटी हालत में बरामद हुई। वारदात की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पीड़ित ने अज्ञात चोरों के खिलाफ थाने पर तहरीर दी है।
इटियाथोक थाना क्षेत्र के मध्यनगर गांव के रहने वाले कुलदीप सिंह ने बताया कि शनिवार की रात उनका परिवार घर के अगले हिस्से में सो रहा था। रात करीब दो बजे अज्ञात चोर घर के पिछले दरवाजे का कुंडा काटकर घर में घुस आए और कमरे में रखी चार संदूक उठा ले गए। सुबह जब परिवार के लोग सोकर उठे तो इस वारदात की जानकारी हुई। चोरी की घटना की जानकारी मिलने गांव के अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए और पुलिस को इसकी सूचना दी गई।
खोजबीन के दौरान घर से कुछ दूरी पर स्थित एक गन्ने के खेत के बगल चारों संदूकें टूटी हालत में मिली। कुलदीप ने बताया कि संदूक में करीब 2.50 लाख रुपये के जेवर, नकदी व कपड़े रखे थे जिसे चोर उठा ले गए। पीड़ित कुलदीप ने अज्ञात चोरों के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। थानाध्यक्ष करुणाकर पांडेय ने बताया कि घटना की सूचना मिली है। मौके पर पुलिसकर्मियों को जांच के लिए भेजा गया है।
हेड कांस्टेबल ने मीडियाकर्मियों से की बदसलूकी
चोरी के वारदात की सूचना मिलने पर इटियाथोक थाने के हेड कांस्टेबल श्रवण कुमार यादव मौके पर पहुंचे लेकिन वारदात में शामिल चोरों का पता लगाने के बजाय वह मौके पर मौजूद मीडियाकर्मियों से उलझ गए। आरोप है कि घटनास्थल की फोटो ले रहे मीडियाकर्मियों से हेड कांस्टेबल ने बदसलूकी की और उन्हें फोटो खींचने और समाचार प्रकाशन से रोकने की कोशिश की। इस पर हेड कांस्टेबल और मीडियाकर्मियों में तीखी बहस भी हुई। हालांकि गांव के लोगों ने जब दबाव बनाया तो हेड कांस्टेबल को पीछे हटना पड़ा।
यह भी पढ़ें:-उन्नाव: कौशांबी जिले से चोरी हुईं भैसें उन्नाव के स्लॉटर हाउस से बरामद
