कानपुर: गंगा में नहाने गये दो युवकों की डूबने से मौत, परिजनों का रो रोकर बुरा हाल
कानपुर। गंगा में रविवार की सुबह दो युवकों की डूबकर मौत हो गई। यह हादसा परमट मंदिर घाट पर हुआ। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद शवों को बाहर निकाला। दोनों युवक अपने अन्य पांच साथियों के साथ गंगा नहाने गए थे। नहाते हुए अचानक गहराई में पहुंच गए। घटना के बाद परिजनों का रो …
कानपुर। गंगा में रविवार की सुबह दो युवकों की डूबकर मौत हो गई। यह हादसा परमट मंदिर घाट पर हुआ। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद शवों को बाहर निकाला। दोनों युवक अपने अन्य पांच साथियों के साथ गंगा नहाने गए थे। नहाते हुए अचानक गहराई में पहुंच गए। घटना के बाद परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।
केशव नगर निवासी 18 वर्षीय नवनीत दुबे और मसवानपुर के 18 वर्षीय अर्षित कुशवाहा केंद्रीय विद्यालय, अर्मापुर के 12वीं के छात्र थे। रविवार की सुबह दोनों हरिओम, शिवांकर, गोपाल, रमन और एक अन्य दोस्त के साथ अर्मापुर में क्रिकेट खेलने की बात कर कर घर से निकले और परमट मंदिर घाट पहुंच गए। सभी दोस्त नाव से गंगा के बीच पहुंचे और नहाने के लिए पानी में उतर गए।
नहाते हुए चार दोस्त गहराई में पहुंच गए और डूबने लगे। अन्य छात्रों की चीख पुकार सुनकर वहां मौजूद नाविकों ने दो को बचा लिया, जबकि नवनीत और अर्षित गहराई में समा गए। छात्रों ने घरवालों को सूचना दी। ग्वालटोली पुलिस भी मौके पर आ गई। गोताखोरों ने युवकों की तलाश की।
करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद दोनों के शवों को बाहर निकाला गया। छात्रों के शवों को देखकर परिजन बेहाल हो गए। उनका रो रोकर बुरा हाल हो गया। नवनीत के परिवार में पिता मुकेश, मां बबिता, छोटा भाई हरिओम, बहन पूजा है। वहीं अर्षित घर का इकलौता बेटा था। परिवार में पिता आनंद कुशवाहा, मां बिंदु कुशवाहा और बहन आशी हैं।
यह भी पढ़ें:-रायबरेली: साथियों संग नहाने गए युवक की नहर में डूबने से मौत
