कानपुर: 60 फीट गहरे संपवेल में गिरा युवक 35 फीट पर अटका, पुलिस ने बचाया
कानपुर। एल्गिन मिल परिसर में रविवार की सुबह एक युवक करीब 60 फुट गहरे संपवेल में जा गिरा और नीचे आते समय 35 फुट पर बनी पट्टी में फंस गया। उसकी चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर पास खेल रहे बच्चों ने नीचे झांका और लोगों को सूचना दी। पुलिस, फायर ब्रिगेड और स्थानीय लोगों की मदद …
कानपुर। एल्गिन मिल परिसर में रविवार की सुबह एक युवक करीब 60 फुट गहरे संपवेल में जा गिरा और नीचे आते समय 35 फुट पर बनी पट्टी में फंस गया। उसकी चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर पास खेल रहे बच्चों ने नीचे झांका और लोगों को सूचना दी। पुलिस, फायर ब्रिगेड और स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला गया। युवक को प्राथमिक उपचार के लिए उर्सला अस्पताल भेजा गया। वह संपवेल तक कैसे पहुंचा और कैसे गिरा, इसकी जांच शुरू हो गई। पुलिस उसके चोरी के इरादे से संपवेल के पास जाने की संभावना जता रही है।
ग्वालटोली थानाक्षेत्र के मकबरा के पास रहने वाला दिलशाद उर्फ जान मोहम्मद चमड़े की बेल्ट बनाता है। वह रविवार की सुबह संदिग्ध हालात में वीआइपी रोड स्थित रिवर साइड पावर हाउस के बगल में एल्गिन मिल के संपवेल के पास गया और असंतुलित होकर नीचे गिरने लगा। वह संपवेल की करीब 35 फुट गहराई पर बनी पट्टी में फंस गया। वह कितनी देर से अंदर था, इसकी किसी को जानकारी नहीं है। दोपहर के समय कुछ बच्चे संपवेल के नजदीक से निकले। उन्हें अंदर से चीखने की आवाज सुनाई दी। अंदर झांका तो अंधेरे में किसी के फंसे होने का पता चला। उन्होंने शोर मचाकर लोगों को जानकारी दी।
ग्वालटोली थाना प्रभारी धनंजय सिंह और कर्नलगंज फायर स्टेशन कर्मी मौके पर पहुंचे। काफी देर की मशक्कत के बाद लंबी सीढ़ी और रस्सी के सहारे युवक को बाहर निकाला गया। इंस्पेक्टर ने बताया कि युवक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। जिस जगह घटना हुई, वह सुनसान और जंगल है। युवक आखिर क्यों गया, उससे पूछताछ की जाएगी।
यह भी पढ़ें:-कानपुर हिंसा में शामिल बाबा बिरयानी का दो और रेस्टोरेंट सील, छह पर पहले ही लग चुका है ताला
