बरेली: परसाखेड़ा में आज से होंगे ड्राइविंग लाइसेंस के टेस्ट
बरेली, अमृत विचार। प्रदेश सरकार के 100 दिन की कार्य योजना में शामिल परसाखेड़ा स्थित ऑटोमेटिक ड्राइविंग टेस्टिंग ट्रैक की टेस्टिंग के बाद आज (सोमवार) से ड्राइविंग टेस्ट शुरू होने जा रहे हैं। 2016 में परसाखेड़ा में ऑटोमेटिक ड्राइविंग टेस्टिंग ट्रैक का निर्माण शुरू हुआ था, लेकिन उसे उपयोग करने की जगह सिविल लाइंस में …
बरेली, अमृत विचार। प्रदेश सरकार के 100 दिन की कार्य योजना में शामिल परसाखेड़ा स्थित ऑटोमेटिक ड्राइविंग टेस्टिंग ट्रैक की टेस्टिंग के बाद आज (सोमवार) से ड्राइविंग टेस्ट शुरू होने जा रहे हैं। 2016 में परसाखेड़ा में ऑटोमेटिक ड्राइविंग टेस्टिंग ट्रैक का निर्माण शुरू हुआ था, लेकिन उसे उपयोग करने की जगह सिविल लाइंस में विकास भवन के पीछे चार करोड़ लागत से एक और ड्राइविंग टेस्टिंग ट्रैक बनवा दिया गया।
मई में सिविल लाइंस में ड्राइविंग टेस्ट शुरू हुए, लेकिन अब इसमें टेस्ट होना बंद हो गए। 4 मई को ही सिविल लाइंस के डीटीटी पर ड्राइविंग टेस्ट शुरू कराने के साथ लाइसेंस विभाग को नकटिया से यहां शिफ्ट किया गया था। इसी दौरान परसाखेड़ा में सालों से बेकार पड़े एडीटीटी को भी शुरू करने की कवायद शुरू कर दी गई। अब फैसला लिया गया है कि ड्राइविंग टेस्ट परसाखेड़ा में ही कराए जाएंगे। जिसको लेकर रविवार को अधिकारियों ने सोमवार से परसाखेड़ा में टेस्ट शुरू होने का एलान भी कर दिया।
तीन हिस्सों में बंटा आरटीओ, लगानी पड़ेगी लंबी दौड़
आरटीओ कार्यालय अब तीन हिस्सों में बंट गया है। मुख्य आरटीओ कार्यालय नकटिया में किराए के भवन में चल रहा है। ड्राइविंग टेस्ट परसाखेड़ा एडीटीटी में होंगे, लेकिन बायोमेट्रिक के लिए आवेदकों को सिविल लाइंस में बनी डीटीटी की बिल्डिंग में आना पड़ेगा।
ट्रैक पर लगे है सेंसर, गाड़ी छूने पर होंगे फेल
परसाखेड़ा में बना एडीटीटी प्रदेश का दूसरा हाईटेक टेस्टिंग ट्रैक है। आवेदक की गाड़ी अगर लाइन को छूती है तो कंप्यूटर द्वारा उसे फेल होने की रसीद दी जाएगी। ट्रैक पर एच, ऑफ, एस, पार्किंग, यूटर्न, आठ, जेब्रा क्रॉसिंग, प्रमुख ट्रैफिक सिग्नल बनाए गए हैं। सभी जगह सेंसर लगे हैं जिन्हें कंट्रोल रूम से जोड़ा गया है। बरेली से पहले कानपुर में एडीटीटी टेस्टिंग ट्रैक बनाया गया था।
आज से परसाखेड़ा के एडीटीटी पर ड्राइविंग टेस्ट शुरू हो जाएगा। इसके बाद डीटीआई में ड्राइविंग टेस्ट नहीं होगा। इस भवन में सिर्फ बायोमेट्रिक का काम चलता रहेगा—एमपी सिंह आरआई।
यह भी पढ़ें- बरेली: चांद का हुआ दीदार, 10 को मनाई जाएगी ईद उल अजहा
