बरेली: बिना डॉक्टर मरीजों का हो रहा इलाज, पंजीकरण निरस्त

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, बरेली। जिले में झोलाछापों, अवैध क्लीनिक और अस्पतालों का मकड़ जाल फैला हुआ है। सोमवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अलीगंज में दो नर्सिंग होम पर छापेमारी की जिसमें घोर अनियमितताएं पाई गईं। टीम ने एक नर्सिंग होम का पंजीकरण निरस्त किया, वहीं एक को नोटिस जारी कर दिया है। टीम पूर्वाह्न …

अमृत विचार, बरेली। जिले में झोलाछापों, अवैध क्लीनिक और अस्पतालों का मकड़ जाल फैला हुआ है। सोमवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अलीगंज में दो नर्सिंग होम पर छापेमारी की जिसमें घोर अनियमितताएं पाई गईं। टीम ने एक नर्सिंग होम का पंजीकरण निरस्त किया, वहीं एक को नोटिस जारी कर दिया है। टीम पूर्वाह्न 11:00 बजे अलीगंज स्थित अपना नर्सिंग होम पहुंची। यहां मरीजों के लिए पांच बेड थे, लेकिन कोई भी इमरजेंसी ऑफिसर और स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ मौजूद नहीं था।

वहीं बॉयो मेडिकल वेस्ट का रख रखाव भी मानक के अनुरूप नहीं मिला। अस्पताल में कोई ईटीपी और एसटीपी प्लांट भी लगा मौजूद नहीं मिला। इस पर टीम की ओर से नर्सिंग होम का पंजीकरण निरस्त कर दिया। इसके बाद टीम अलीगंज के ही अलमदार नर्सिंग होम पहुंची , यहां 11 बेड पाए गए। यहां चार मरीज भी भर्ती थे, लेकिन मरीजों के इलाज के लिए कोई भी डॉक्टर और पैरा मेडिकल स्टाफ मौजूद नहीं मिला।

इस पर टीम की ओर से नर्सिंग होम के प्रबंधक को नोटिस जारी कर तीन दिन में स्टाफ और मेडिकल दस्तावेज प्रस्तुत करने कहा गया है। इस संबंध में झोलाछाप नियंत्रण सेल के नोडल अधिकारी डॉ. सौरभ सिंह ने बताया कि अपना नर्सिंग होम का पंजीकरण निरस्त किया है, वहीं अलमदार नर्सिंग होम के संचालक को नोटिस जारी कर दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा है। दस्तावेज में खामियां मिलने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें- बरेली: कंप्यूटर कोचिंग जा रही छात्रा को तेज रफ्तार ट्रक ने मारी टक्कर, मौके पर मौत

संबंधित समाचार